Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 737 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ 3 गिरफ्तार; 4 अन्य पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

स्कूटी की डिक्की से मिली नशीली कैप्सूल, मोबाइल फोन भी जब्त; मोहल्ले में अशांति की आशंका पर चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई

बालोद। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ बालोद पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई की है। थाना बालोद पुलिस ने ट्रामाडोल युक्त 737 कैप्सूल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, गांजा और नशीले पदार्थों के सेवन से मोहल्ले में अशांति फैलने की आशंका के मामले में चार अन्य व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

स्कूटी की डिक्की में रखी थीं 449 नशीली कैप्सूल

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरापारा निवासी सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं काले रंग की होंडा डियो स्कूटी क्रमांक CG 24 V 7412 में नशीली दवाइयां रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान स्कूटी की डिक्की में रखी लाल पॉलीथीन से ट्रामाडोल युक्त TraiSPAS की 449 कैप्सूल बरामद हुईं। इनकी अनुमानित कीमत 2,918.50 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और लगभग 60 हजार रुपये कीमत की स्कूटी भी जब्त की।

पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम आए सामने

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर दल्ली राजहरा निवासी शंकर नायडू के कब्जे से SPAS-TRASCEN-PLUS की 144 कैप्सूल तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। इसी प्रकार बालोद के नया पारा निवासी भूपेश्वर साहू उर्फ मंडल के कब्जे से भी इसी दवा की 144 कैप्सूल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इस तरह तीनों आरोपियों से कुल 737 कैप्सूल जब्त की गईं। पुलिस ने इनकी कुल अनुमानित कीमत 4,790.50 रुपये बताई है। मामले में अपराध क्रमांक 537/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) में कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, दवाइयों की परीक्षण रिपोर्ट सहित मामले की अन्य विवेचना अभी शेष है।

मोहल्ले में अशांति की आशंका पर चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई

इसी क्रम में थाना बालोद पुलिस ने मोहल्ले में कथित तौर पर गांजा और नशीले पदार्थों के सेवन तथा अवैध गतिविधियों से संबंधित शिकायतों पर भी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल रही थीं। 9 अक्टूबर को की गई कार्रवाई के दौरान शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए चार व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई की जद में बालोद निवासी गजेन्द्र यादव (23) और संजय नगर निवासी प्रियांशु धीमर (23) के साथ दल्ली राजहरा निवासी नवशाद अंसारी (37) और किशन साहू (38) शामिल हैं।

पुलिस ने चारों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित संज्ञेय अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से की गई।

नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने की अपील

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से नशीली दवाइयों, मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और अन्य असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, ऐसी गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!