Skip to main content

प्रदेश रूचि

हसिया से हाथ और गले पर वार कर घायल हुआ युवक, 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया; रायपुर रेफर

बालोद। जिले के सनौद थाना क्षेत्र के ग्राम बेलौदी में मंगलवार को एक युवक द्वारा धारदार हसिया से खुद के हाथ और गले पर वार कर गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। खून से लथपथ हालत में युवक गांव में घूमता रहा, जिसे देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और 112 वाहन की सहायता से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया।

घायल युवक की पहचान भेड़ियानवागांव, थाना बालोद निवासी नरेंद्र रावते (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नरेंद्र मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह ग्राम बेलौदी पहुंचा, जहां उसने सब्जी काटने में इस्तेमाल होने वाले धारदार हसिया से पहले अपने हाथ पर वार किया और फिर गले पर चोट पहुंचाई।


घायल अवस्था में गांव में घूमता रहा युवक
घटना के बाद युवक गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अवस्था में गांव में घूमता रहा। ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर चौकी हल्दी प्रभारी श्रीमती लता तिवारी पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को 112 वाहन के जरिए जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। गले में गंभीर चोट होने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बताई गई, जिसके बाद उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रायपुर रेफर किया गया।

मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात, कारण स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी में युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने की बात सामने आई है। हालांकि उसने खुद को इस तरह घायल क्यों किया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना की सूचना के बाद सनौद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा युवक के परिजनों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। युवक के इस कदम के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!