Skip to main content

प्रदेश रूचि

अंधे कत्ल का खुलासा: पत्नी से मारपीट और अवैध संबंध के शक में रची हत्या की साजिश

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी | मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मदनवाड़ा थाना क्षेत्र में मार्च महीने में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे मृतक द्वारा पत्नी के साथ मारपीट करने और उसके चरित्र पर शक किए जाने से उपजा विवाद मुख्य वजह सामने आया है।

नदी किनारे मिला था अज्ञात व्यक्ति का शव

5 मार्च 2026 को भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने मदनवाड़ा थाने में सूचना दी थी कि ग्राम भैंसाराटोला से करीब एक किलोमीटर दूर कोहका नदी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या की दिशा में जांच शुरू की। अज्ञात मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी फुलकोडो, थाना खड़गांव, हाल राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में हुई।

तकनीकी जांच से हैदराबाद तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। स्थानीय मुखबिरों से मिली जानकारी और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से पुलिस को एक संदिग्ध के मोबाइल की लोकेशन हैदराबाद में मिली। इसके बाद पुलिस टीम हैदराबाद रवाना हुई और संदिग्ध चंदर सिंह अंधारे को हिरासत में लेकर मानपुर लाया गया।

पूछताछ में सामने आया कि मृतक कदम भुआर्य की पत्नी परमेश्वरी, चंदर अंधारे के मामा की बेटी है। पुलिस के अनुसार कदम पत्नी के साथ आए दिन मारपीट करता था और उसके साथ चंदर के अवैध संबंध होने का शक भी करता था। वहीं परमेश्वरी का भाई चमन देहरी भी अपनी बहन और मां के साथ कथित मारपीट से परेशान था।

बाजार में बनी हत्या की योजना

पुलिस के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को चमन देहरी और चंदर अंधारे की मुलाकात मेढ़ाबुजुर्ग बाजार में कदम भुआर्य से हुई। इसी दौरान दोनों ने कदम की हत्या करने की योजना बनाई। इसके बाद हरेश राणा, चमन देहरी, चंदर अंधारे और एक विधि से संघर्षरत बालक को योजना में शामिल किया गया।

चमन ने फोन कर कदम से संपर्क किया और उसे सीतागांव बस स्टॉप के पास बुलाया। वहां से चारों उसे अपने साथ ले गए। शराब पीने के बहाने उसे चिखलाकसा-भैंसाराटोला नाला क्षेत्र में ले जाया गया, जहां खेत में भुट्टा भूंजकर खाने और महुआ शराब का सेवन करने के बाद उस पर हमला किया गया।

गमछे से गला घोंटकर हत्या, शव गड्ढे में दबाया

पुलिस के अनुसार शराब के नशे में होने के दौरान आरोपियों ने मिलकर गमछे से कदम भुआर्य का गला घोंट दिया। इसके बाद नाले के किनारे गड्ढा खोदकर शव को मिट्टी से ढक दिया गया। आरोपियों ने मृतक के पास रखा मोबाइल, पर्स और जूते भी अपने साथ ले लिए। पुलिस के मुताबिक मोबाइल और जूते को बाद में पास के नाले में फेंक दिया गया।

आरोपियों के बयान और विवेचना के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

तीन गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में

पुलिस ने मामले में चंदर सिंह अंधारे (25), हेमंत राणा (21) और चमन लाल देहरी (24) को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को कानून के अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है। बालक की पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत गोपनीय रखी गई है।

तीनों आरोपियों को 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने बताया कि गंभीर और जघन्य अपराधों के मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!