Skip to main content

प्रदेश रूचि

महतारी वंदन की 31वीं किस्त: प्रदेश की 67.28 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची 631 करोड़ की राशि

बालोद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को डौंडीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में प्रदेश की माताओं-बहनों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 महिला हितग्राहियों के खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये अंतरित किए। इनमें बालोद जिले की 2 लाख 45 हजार 28 महिलाएं शामिल हैं। रक्षाबंधन से पहले राशि अंतरण को मुख्यमंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया है। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है और छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

डौंडीलोहारा को मिली विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने डौंडीलोहारा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें नगर पंचायत डौंडीलोहारा में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम, खरखरा जलाशय में लिफ्ट इरिगेशन, खरखरा जलाशय की पूरक नहर का जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण तथा धनगांव जलाशय के शीर्ष कार्य वियर के साथ नहर रिमाडलिंग लाइन निर्माण शामिल है।

इसके अलावा मस्जिद चौक से शास्त्री नगर मार्ग पर 5 करोड़ रुपये की लागत से पुलिया निर्माण तथा संबलपुर से भीमकन्हार-मुड़िया मार्ग का 19 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराने की घोषणा की गई।

समारोह में मुख्यमंत्री ने करीब 102 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। इनमें 3.2 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर लंबे उमरादाह-निपानी मार्ग, 26 करोड़ रुपये की लागत से अर्जुंदा-ओडारसकरी मार्ग और 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बालोद-पिकरीपार मार्ग निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।

ढाई साल में महिलाओं के खातों में पहुंचे 20 हजार करोड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश की महिलाओं के खातों में करीब 20 हजार करोड़ रुपये अंतरित किए जा चुके हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए लखपति दीदी अभियान को भी गति दी जा रही है। अब तक प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने में सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि ड्रोन दीदियां आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर खेतों में खाद और बीज का छिड़काव कर आय अर्जित कर रही हैं। सुकन्या समृद्धि योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

किसानों, गरीबों और भूमिहीनों के लिए योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी, रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अयोध्या दर्शन, 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता खरीदी तथा भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना संचालित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों के गांवों में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

बस्तर में विकास के नए अध्याय का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय से नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से अब बस्तर में विकास के नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर दूरस्थ क्षेत्रों में विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ विकसित भारत की तर्ज पर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए काम कर रही है। इसमें प्रदेशवासियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

पांच महिला हितग्राहियों से किया संवाद

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की पांच महिला हितग्राहियों से संवाद किया और योजना से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। महिलाओं ने योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता के अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है।

सांसद भोजराज नाग और सरोज पांडे ने भी रखे विचार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांकेर सांसद भोजराज नाग ने सावन के पवित्र माह में माताओं-बहनों के सम्मान के लिए आयोजित समारोह की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त का वितरण महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

पूर्व सांसद सरोज पांडे ने भी महतारी वंदन सम्मान समारोह और महिलाओं के खातों में राशि अंतरण की सराहना की तथा केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी दी।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने स्वागत भाषण एवं जिला प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने जिले में चल रहे वृक्षारोपण अभियान, मिशन अंकुर सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लूनिया, नगर पंचायत डौंडीलोहारा अध्यक्ष लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू और राजेंद्र राय, चेमन देशमुख, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर, जनपद अध्यक्ष कांति सोनबरसा, कुसुम शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!