बैठक में बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जिले के गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनें, आवेदन भरवाएं और बिजली दर वृद्धि के खिलाफ जनसमर्थन जुटाएं। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
राजीव गांधी के योगदान को किया याद
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के प्रमुख शिल्पकारों में शामिल थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में दूरदर्शी पहल की। सूचना क्रांति, दूरसंचार के विस्तार, शिक्षा, युवाओं की भागीदारी और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश के विकास को नई दिशा देने के साथ ही युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का काम किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों और देश के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

बिजली दर वृद्धि को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद आयोजित मासिक बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया ने बिजली दरों में वृद्धि को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली दरों में 30 से 50 पैसे तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं की दरों में 20 से 40 पैसे तक की वृद्धि की गई है। कृषि पंप की बिजली दर में भी 40 पैसे की बढ़ोतरी किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद लगातार पांचवीं बार बिजली के दाम बढ़ाए गए हैं।
अनिला भेड़िया ने कहा कि बिजली दरों में वृद्धि का सीधा असर आम उपभोक्ताओं, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से आवेदन भरवाने तथा बिजली दर वृद्धि वापस लेने, कांग्रेस शासनकाल की 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा लागू करने और प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों की प्रक्रिया बंद करने की मांग को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।
महंगाई और बढ़े बिजली बिलों से जनता परेशान : कुंवर सिंह निषाद
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के सत्ता में आने के बाद आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा है। रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ बिजली दरों में वृद्धि ने गरीब, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवारों की आर्थिक परेशानी बढ़ा दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से कई उपभोक्ताओं को तीन से चार गुना अधिक बिजली बिल मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके अलावा उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंधित भार क्षमता बढ़ाए जाने की शिकायतों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि कांग्रेस केवल बिजली दरों के मुद्दे तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्थानीय जनसमस्याओं को भी लेकर पूरे जिले में आंदोलन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को सामने लाने और उन्हें आंदोलन से जोड़ने की अपील की।

स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
बिजली आंदोलन के जिला प्रभारी एवं रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने स्मार्ट मीटर की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से मनमाने बिजली बिल, तकनीकी गड़बड़ियों और उपभोक्ताओं के आर्थिक शोषण से जुड़ी शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शंकाओं और समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकनी चाहिए। प्रमोद दुबे ने केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्री द्वारा अप्रैल 2026 में दिए गए कथित बयान का हवाला देते हुए स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की सहमति के मुद्दे को भी उठाया।
सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि यदि बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस नहीं ली गई, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा लागू नहीं की गई और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया बंद नहीं की गई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर सड़क से सदन तक व्यापक आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार बिजली उपभोक्ताओं के बीच पहुंचेंगे और उनकी समस्याओं को दर्ज कर सरकार के सामने रखेंगे। इसके लिए जिलेभर में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

जन्मदिन पर चंद्रेश हिरवानी ने काटा केक
बैठक के समापन अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी का जन्मदिन भी मनाया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उन्हें स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चन्द्रप्रभा सुधाकर, कृष्णा दुबे, जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष सोना देवी देशलहरा, प्रदेश प्रतिनिधि कोदू राम दिल्लीवार, अनिल लोढ़ा, प्रकाश नाहटा, भोलाराम देशमुख, संतोष पांडे, गिरीश चंद्राकर, कोषाध्यक्ष प्रेमचंद क्षीरसागर, रामजी भाई पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, शीबू नायर, संतु राम पटेल, हस्तीमल सांखला, पूरण लाल साहू, संजय बारले, तामेश्वर साहू, हरीश चंद्राकर, भोजराज साहू, सलीम खान, यज्ञदेव पटेल, मोंटू चंद्राकर सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभाग एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












