बालोद। जिला मुख्यालय बालोद में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्ष, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के साथ परेड की सलामी ली।

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदेमातरम् के सुमधुर सामूहिक गायन से हुई। ध्वजारोहण के बाद मंत्री गजेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़कर सुनाया। इस दौरान शांति के प्रतीक सफेद कबूतर और हर्षोल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े गए।
समारोह में संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू एवं प्रीतम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पवन साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

आकर्षक मार्चपास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं सशस्त्र बल, पुलिस बल और स्कूली दलों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। परेड के दौरान हर्षफायर और “राष्ट्रपति की जय” के उद्घोष से पूरा स्टेडियम गूंज उठा।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और कर्तव्यों का श्रेष्ठ निर्वहन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इनका रहा दबदबा
परेड सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल पुरुष ने प्रथम, नगर सेना महिला ने द्वितीय और जिला पुलिस बल महिला ने तृतीय स्थान हासिल किया।
जूनियर वर्ग में एनसीसी ब्लेज एकेडमी उमरादाह प्रथम, एनसीसी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद द्वितीय और गाइड शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद तृतीय स्थान पर रहा।
उत्कृष्ट परेड संचालन के लिए परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा और परेड टू आईसी प्रशिक्षु सूबेदार दीपक कुमार को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बालोद ने प्रथम, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद ने द्वितीय और सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
इस दौरान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 14वीं वाहिनी धनोरा की सेनानी मोनिका ठाकुर, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, एसडीएम डौंडीलोहारा शिवनाथ बघेल, जिला खाद्य अधिकारी तुलसी ठाकुर, तहसीलदार बालोद संध्या नामदेव, तहसीलदार डौंडी देवेंद्र नेताम सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय एवं विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह ने एक ओर जहां स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और शहीदों के बलिदान को याद किया, वहीं दूसरी ओर जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मान देकर सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को भी प्रोत्साहित किया।











