रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) और हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) मुख्य परीक्षा की समय-सारणी जारी कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से प्रारंभ होकर 5 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होंगी।
### 12वीं की परीक्षा हिंदी विषय से होगी शुरू
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 12वीं की परीक्षा 12 मार्च को हिंदी विषय के प्रश्नपत्र के साथ प्रारंभ होगी। 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र, लेखाशास्त्र सहित निर्धारित विषयों की परीक्षा होगी। 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान एवं अर्थशास्त्र, 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित तथा 31 मार्च को अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद 3 अप्रैल को इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि विज्ञान के तत्व, ड्राइंग एंड पेंटिंग एवं आहार-पोषण विषयों की परीक्षा होगी। 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, 7 अप्रैल को क्षेत्रीय एवं अन्य भाषाओं तथा 8 अप्रैल को मनोविज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
10वीं की परीक्षा 13 मार्च से
कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च को तृतीय भाषा के प्रश्नपत्र से शुरू होगी। इसमें संस्कृत, मराठी, उर्दू, पंजाबी, सिंधी, बंगाली, गुजराती, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ एवं उड़िया भाषाएं शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान, 20 मार्च को विज्ञान, 25 मार्च को हिंदी तथा 30 मार्च को गणित विषय की परीक्षा होगी। वहीं, 1 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 5 अप्रैल को दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए संगीत तथा मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एंड पेंटिंग की परीक्षा होगी।

परीक्षा केंद्रों में समय का करना होगा पालन
मंडल ने परीक्षा संचालन को लेकर समय-सारणी के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसके अनुसार परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में उपस्थित होकर अपना स्थान ग्रहण करना होगा। सुबह 9:05 बजे उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा तथा 9:10 बजे प्रश्नपत्र दिए जाएंगे। इसके बाद सुबह 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक उत्तर लिखने का समय निर्धारित किया गया है।
शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा वर्ष 2027 के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की समय-सारणी भी घोषित की है। प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से 19 मार्च तक तथा द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 13 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इनमें शारीरिक शिक्षा का इतिहास एवं सिद्धांत, मनोविज्ञान, शिक्षण विधियां, शरीर रचना, परीक्षण एवं मापन, स्वास्थ्य शिक्षा तथा खेल संबंधी विषय शामिल हैं।
अवकाश के दिन भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी परीक्षा
मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तिथि एवं समय में परिवर्तन किया जा सकता है। परीक्षा अवधि के दौरान शासन द्वारा सार्वजनिक अथवा स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने की स्थिति में भी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी।
परीक्षार्थी और अभिभावक विषयवार विस्तृत समय-सारणी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं।













