Skip to main content

प्रदेश रूचि

तांदुला पर बनेगा हाईलेवल ब्रिज: वर्षों पुरानी मांग को मिली मंजूरी, 22.14 करोड़ की परियोजना से 15 गांवों को मिलेगा लाभ

बालोद। जिले के सिकोसा मंडल अंतर्गत ग्राम सांकरी और कमरौद के बीच तांदुला नदी पर लंबे समय से लंबित उच्चस्तरीय पुल निर्माण की मांग को आखिरकार बड़ी प्रशासनिक सफलता मिल गई है। भाजपा सिकोसा मंडल अध्यक्ष प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख के समक्ष इस महत्वपूर्ण जनसमस्या को रखा। इसके बाद उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने परियोजना को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
बताया गया कि बरसात के दिनों में तांदुला नदी में जलस्तर बढ़ने से सांकरी और कमरौद के बीच आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। इससे किसानों, विद्यार्थियों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से किसानों को कृषि कार्यों के लिए लगभग 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि नदी में बाढ़ आने पर करीब 15 गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट जाता है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश सिन्हा ने बताया कि इस मार्ग पर उच्चस्तरीय पुल एवं सड़क निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही थी, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिलते रहे। क्षेत्रवासियों की इस बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर लगातार जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रयास किए जाते रहे, जिसका अब सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन के नेतृत्व में इस मांग को पहले ही उपमुख्यमंत्री अरुण साव के समक्ष प्रमुखता से रखा गया था। जनहित को ध्यान में रखते हुए उपमुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परियोजना को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की तथा इसे बजट में भी शामिल कराया।
उन्होंने बताया कि लगभग 22.14 करोड़ रुपये (2214 लाख रुपये) की लागत से उच्चस्तरीय पुल निर्माण प्रस्तावित है। अब शीघ्र ही वित्तीय एवं तकनीकी स्वीकृति के साथ टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।
पुल निर्माण की स्वीकृति की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन और भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुल बनने से हजारों लोगों को वर्षभर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में राहत मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री युगल किशोर ताम्रकार, सरपंच हरिवंश जोशी, अर्जुन सिन्हा, गिरधर देशमुख, नवनीत ताम्रकार, धनेश्वर साहू, राहुल जैन, छबिलाल साहू, मोजीराम साहू, हरीशचंद मंडावी, सागर निषाद, नरेश निर्मलकर, ललेश्वर साहू, पुष्प सिन्हा, नारायण श्रीवास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!