Skip to main content

प्रदेश रूचि

NH-930 पर भीषण सड़क हादसा: दो युवकों की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर घायल

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे युवकों को ट्रक ने कुचला, एक बाइक में लगी आग; पुलिस ने शुरू की जांच

बालोद। जिले के बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई तेज रफ्तार भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे दो युवकों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद एक मोटरसाइकिल में आग लग गई और देखते ही देखते वह धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जगन्नाथपुर निवासी गेमन लाल देशमुख (पिता नूतन देशमुख) एवं ग्राम परसदा निवासी अरुण साहू एक मोटरसाइकिल से दल्लीराजहरा से बालोद की ओर आ रहे थे। वहीं दूसरी ओर ग्राम सिकोसा निवासी पोषण कुमार गोयल (30 वर्ष) तथा दल्लीराजहरा निवासी नरेंद्र निषाद (31 वर्ष) दूसरी बाइक से बालोद से दल्लीराजहरा की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर दोनों मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के सवार सड़क पर दूर जा गिरे। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सड़क पर गिरे गेमन लाल देशमुख और अरुण साहू को कुचल दिया। ट्रक की चपेट में आने से दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

टक्कर के बाद बाइक में लगी आग

हादसे के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिलों में से एक में आग लग गई। कुछ ही पलों में बाइक पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं तत्काल पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस और राहत दल के पहुंचने तक बाइक काफी हद तक जल चुकी थी।

तीन घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी

इस हादसे में येसु देशमुख (19 वर्ष), पिता हिराराम देशमुख, निवासी ग्राम जगन्नाथपुर (सांकरा), नरेंद्र निषाद (31 वर्ष), निवासी दल्लीराजहरा तथा पोषण कुमार गोयल (30 वर्ष), पिता अशोक कुमार गोयल, निवासी ग्राम सिकोसा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों द्वारा उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, ट्रक चालक की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही बालोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल कराया गया। साथ ही फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ट्रक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

गांवों में पसरा मातम

दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही उनके गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण तथा सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!