Skip to main content

प्रदेश रूचि

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बेहतर काम करने वालों का होगा सम्मान: कलेक्टर

बालोद। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बालोद विकासखंड के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उइके सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य सुविधाओं की मैपिंग कर हर जरूरतमंद तक पहुंचे लाभ

कलेक्टर ने मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत मैपिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक गांव और क्षेत्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का आकलन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि आम नागरिकों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना होना चाहिए।

संस्थागत प्रसव और टीकाकरण पर विशेष जोर

समीक्षा के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा उप स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। कलेक्टर ने संस्थागत प्रसव की स्थिति की केंद्रवार समीक्षा करते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने टीकाकरण अभियान, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम और कुष्ठ रोग नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया।

14 वर्ष से अधिक आयु की सभी बालिकाओं का हो सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी सभी बालिकाओं का सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए शिक्षक-पालक समिति (एसएमसी) की बैठकों में स्वास्थ्य कर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए अभिभावकों को जागरूक किया जाए, ताकि टीकाकरण अभियान अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।

ब्लड प्रेशर, शुगर और मानसिक स्वास्थ्य की नियमित जांच के निर्देश

बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों एवं आम नागरिकों के लिए ब्लड प्रेशर, शुगर, मानसिक स्वास्थ्य सहित अन्य प्रमुख बीमारियों की नियमित स्क्रीनिंग एवं जांच की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है।

बिना ठोस कारण मरीजों को रेफर न करें

कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी मरीज को बिना उचित और ठोस चिकित्सीय कारण के बड़े अस्पतालों के लिए रेफर न किया जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा कर्मी सीधे तौर पर आम जनजीवन से जुड़े होते हैं और समाज में उनका विशेष सम्मान है। इसलिए प्रत्येक मरीज को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

बैठक में कलेक्टर ने घोषणा की कि स्वास्थ्य विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रत्येक समीक्षा बैठक में प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी 15 अगस्त को जिला मुख्यालय बालोद में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित करने से अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरणा मिलेगी।

टीबी मुक्त बालोद के लिए तेज होंगे प्रयास

समीक्षा बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति का भी आकलन किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए प्रत्येक संदिग्ध मरीज की नियमित सैंपल जांच कराई जाए तथा समय पर उपचार एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करना आवश्यक है, ताकि जिले को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य शीघ्र हासिल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!