पुलिस के अनुसार जिले में अवैध जुआ, सट्टा, शराब और गांजा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर तथा एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

सिवनी में आम जगह पर लिख रहा था सट्टा
विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि ग्राम सिवनी स्थित पूर्व माध्यमिक शाला के पास एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनिल कुमार नेताम (38 वर्ष), पिता विष्णुराम नेताम, निवासी ग्राम सिवनी, थाना एवं जिला बालोद बताया।
सट्टा पट्टी, डॉट पेन और नगदी जब्त
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सट्टा लिखने में उपयोग की जा रही सट्टा पट्टी, एक डॉट पेन तथा 2,800 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रधान आरक्षक दुर्योधन यादव, आरक्षक संजय सोनी, नागेश साहू, बनवाली साहू, महिला आरक्षक लक्ष्मी पटेल तथा पीएसआई आशमा कुर्रे की सक्रिय भूमिका रही।
ज्ञापन के बाद पहली कार्रवाई पर टिकी रहेंगी निगाहें
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जिले में ऑनलाइन सट्टा, जुआ, नशे के कारोबार और बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा था। ऐसे में कोतवाली पुलिस की यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस का यह अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहता है या अवैध सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ और व्यापक स्तर पर कार्रवाई देखने को मिलती है।
ये खबर भी पढ़े




















