Skip to main content

प्रदेश रूचि

छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान में कांग्रेसजनों ने किया माल्यार्पण, राज्य स्थापना दिवस पर लिया समृद्ध छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प

अंचल प्रकाश साहू बोले– पुरखों के संघर्ष और सपनों का परिणाम है छत्तीसगढ़ राज्य, जनहित को सर्वोपरि रखकर प्रदेश की चुनौतियों का करना होगा सामना

बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा संजारी क्लब परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा और सम्मान के साथ राज्य स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने छत्तीसगढ़ महतारी को नमन करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और मूलभूत अधिकारों की रक्षा करते हुए समृद्ध एवं खुशहाल छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, जनआकांक्षाओं और हमारे पुरखों के वर्षों पुराने सपनों का परिणाम है। राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन संघर्षों, त्याग और विचारों को स्मरण करने का दिन है, जिनकी बदौलत छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के सामने बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य से जुड़ी अनेक चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए राजनीतिक संकीर्णता से ऊपर उठकर जनहित, संवेदनशीलता और दूरदर्शी सोच के साथ काम करने की आवश्यकता है।

अंचल प्रकाश साहू ने आगे कहा कि हमारा संकल्प ऐसा छत्तीसगढ़ बनाने का होना चाहिए, जहां प्रदेश की मूल पहचान, संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो। हर युवा को रोजगार, हर किसान को सम्मान, हर वर्ग को समान अवसर और प्रत्येक नागरिक को बेहतर भविष्य मिले। यही हमारे पुरखों के सपनों के छत्तीसगढ़ की वास्तविक परिकल्पना है।

वहीं पार्षद सुमित शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ महज एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता, संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ को संवारने और समृद्ध बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। प्रदेश की अमूल्य प्राकृतिक संपदा जल, जंगल और जमीन के साथ सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास की ऐसी दिशा तय करनी होगी, जिसका लाभ गांव से लेकर शहर तक प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग को समान रूप से मिले।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाना ही विकसित एवं खुशहाल छत्तीसगढ़ की आधारशिला है। सामूहिक प्रयासों और सकारात्मक सोच के माध्यम से ही हम अपने पुरखों के सपनों को साकार कर सकते हैं।

इस अवसर पर नगरपालिका परिषद बालोद के नेता प्रतिपक्ष कसमुद्दीन कुरैशी, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बंटी शर्मा, अनिल यादव, हसमुख टुवानी, अनिल चैनानी, पार्षद रीता सोनी, वैभव शर्मा, अवधेश सिंह, लोकेश पाठक, फरहान खान, हिमांशु सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!