Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद में कानून-व्यवस्था पर सत्ता पक्ष ने उठाए सवाल: ऑनलाइन सट्टा, नशा और चाकूबाजी पर कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी को सौंपा ज्ञापन

भाजयुमो जिलाध्यक्ष गुलशन साहू ने पुलिस अधीक्षक से की कठोर कार्रवाई की मांग; ज्ञापन में ऑनलाइन बेटिंग, अवैध शराब, नशीले पदार्थों के बढ़ते कारोबार और चाकूबाजी की घटनाओं पर जताई गंभीर चिंता

बालोद। बालोद जिले में कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर इस बार विपक्ष नहीं, बल्कि स्वयं सत्ता पक्ष से जुड़े जनप्रतिनिधियों और भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने चिंता व्यक्त की है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला बालोद के जिलाध्यक्ष एवं जनपद पंचायत गुंडरदेही के सभापति गुलशन कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक बालोद को ज्ञापन सौंपकर जिले में तेजी से फैल रहे ऑनलाइन सट्टा-पट्टी, ऑनलाइन बेटिंग, जुआ, अवैध शराब, नशीले पदार्थों के कारोबार और लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं पर प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
राजनीतिक दृष्टि से यह ज्ञापन इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसमें जिन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है, वे सीधे तौर पर जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े हैं। ज्ञापन में जिन गतिविधियों का उल्लेख किया गया है, उनसे यह संकेत भी मिलता है कि सत्ता पक्ष से जुड़े कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि स्वयं इन समस्याओं को जिले में गंभीर रूप से मौजूद मान रहे हैं।
ऑनलाइन बेटिंग और सट्टे के बढ़ते नेटवर्क पर चिंता
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने ज्ञापन में कहा है कि जिले में ऑनलाइन सट्टा-पट्टी और जुए का नेटवर्क लगातार विस्तार ले रहा है। विभिन्न मोबाइल एप, टेलीग्राम चैनलों और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से युवाओं को ऑनलाइन बेटिंग से जोड़ने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उनका कहना है कि कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए जिले में बड़े स्तर पर सट्टेबाजी संचालित होने की जानकारी सामने आ रही है, जिससे युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है।


नशे का बढ़ता कारोबार बना चिंता का विषय
ज्ञापन में केवल ऑनलाइन सट्टे तक ही सीमित नहीं रहा गया, बल्कि अवैध शराब, गांजा, नशीली गोलियां, चिट्ठा (स्मैक/हेरोइन जैसे मादक पदार्थ) और अन्य नशीले पदार्थों के कथित बढ़ते कारोबार का भी उल्लेख किया गया है। भाजयुमो का कहना है कि इन अवैध गतिविधियों के कारण बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में पहुंच रहे हैं, जिससे न केवल उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है बल्कि सामाजिक और पारिवारिक ताना-बाना भी कमजोर पड़ रहा है।
चाकूबाजी की घटनाओं से बढ़ रहा असुरक्षा का माहौल
ज्ञापन में जिले में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और असामाजिक तत्वों की सक्रियता पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। भाजयुमो के अनुसार, ऐसी घटनाओं के कारण आम नागरिकों में भय का वातावरण बन रहा है और युवाओं में अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही है।
पुलिस से व्यापक कार्रवाई की मांग
गुलशन कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोहों, जुआ संचालकों, अवैध शराब कारोबारियों, नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों तथा चाकूबाजी जैसी घटनाओं में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध व्यापक जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिले के सभी थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि अपराधों पर नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

 

बहरहाल, अब पूरा मामला पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर आकर टिक गया है। सत्ता पक्ष के प्रतिनिधियों द्वारा कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर उठाए गए सवालों के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इन शिकायतों की जांच कर जिले में ऑनलाइन सट्टा, नशे के कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए क्या ठोस और प्रभावी कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!