Skip to main content

प्रदेश रूचि

राष्ट्रीय एकता दिवस पर बालोद पुलिस की अनूठी पहल, जिलेभर में शपथ के साथ निकाली गई एकता दौड़

रंगोली, चित्रकला, खेलकूद और मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं के जरिए दिया एकता व भाईचारे का संदेश, गुजरात की एकता परेड का हुआ लाइव प्रसारण

बालोद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बालोद पुलिस द्वारा जिलेभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की सुरक्षा के प्रति समर्पण का संकल्प लिया गया। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए

गए।

जय स्तंभ चौक से निकाली गई एकता दौड़

बालोद शहर में यातायात कार्यालय, जय स्तंभ चौक से एकता दौड़ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण की उपस्थिति में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों और शहरवासियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

थाना-चौकी क्षेत्रों में दिलाई गई एकता की शपथ

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही रंगोली, चित्रकला, खेलकूद और मटकी फोड़ जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी सहभागिता के माध्यम से एकता, सद्भाव तथा देशभक्ति का संदेश दिया।

गुजरात की एकता परेड का हुआ लाइव प्रसारण

कार्यक्रमों की कड़ी में शाम 5 बजे गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड का लाइव प्रसारण भी जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रोजेक्टर के माध्यम से किया गया। इसके जरिए पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से जुड़ने का अवसर मिला।

बालोद पुलिस की इस पहल के माध्यम से राष्ट्रीय एकता दिवस को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी और विभिन्न गतिविधियों के जरिए समाज में एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!