
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं मौन श्रद्धांजलि के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके त्याग और शौर्य की गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देती रहेंगी।
शहीदों की स्मृति में हरियाली का संकल्प
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत परिसर में वृक्षारोपण किया गया। अतिथियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि शहीदों की स्मृति में लगाया गया प्रत्येक पौधा उनके अमर बलिदान की याद को सदैव जीवित रखेगा।

युवाओं में दिखा उत्साह, दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन
कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए 100 एवं 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर खेलों के माध्यम से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जनसंकल्प सेवा समिति कर रही जनहित के अनेक कार्य
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं जनसंकल्प सेवा समिति के अध्यक्ष भरत देवांगन ने समिति की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं संचालित कर रही है। इसके अलावा सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े अनेक अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज की भागीदारी से ही सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
शहीदों का बलिदान सदैव रहेगा प्रेरणा: राकेश पाण्डेय
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि अमर शहीदों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के कारण ही आज छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है और उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और साहस का संदेश देती रहेगी।
मानव सेवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए हुआ विशेष सम्मान
कार्यक्रम में समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। रिकॉर्ड 57वीं बार रक्तदान करने वाले चौलेश देशमुख को “रक्तवीर सम्मान” प्रदान किया गया। वहीं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रीन कमांडो वीरेंद्र सिंह और शुभम साहू को विशेष सम्मान देकर उनके कार्यों की सराहना की गई।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी संध्या परगनिया, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, बिलासपुर संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, मंडल प्रभारी हरीश कटझरे, मंडल अध्यक्ष विवेक वैष्णव, जिला उपाध्यक्ष टिनेश्वर बघेल, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, पूर्व जिला महामंत्री किशोरी साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रभा नायक, पोषण देवांगन, भरत देवांगन, सरपंच डोमेन्द्र मंडावी, जनपद सदस्य दुलारी देवांगन, टुमन साहू, सुनील गोलछा, फानेश्वर साहू, उत्तम साहू, रामलाल नायक, पिनकापार चौकी प्रभारी राजेश ठाकुर, स्थानीय थाना स्टाफ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। पूरे आयोजन में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया। शहीदों की स्मृति में आयोजित यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का अवसर बना, बल्कि समाज को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला एक सार्थक मंच भी साबित हुआ।




















