Skip to main content

प्रदेश रूचि

रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में बालोद में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन के दौरान पुलिस से झूमाझटकी

कांग्रेस ने सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का लगाया आरोप, कहा— विपक्ष की आवाज दबाने का हो रहा प्रयास; पुलिस ने स्थिति संभाली
बालोद। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया गया, जिसे रोकने के लिए पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और झूमाझटकी होती रही। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर ली।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता निर्धारित स्थल पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए केंद्र की मोदी सरकार तथा राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के विरोध में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्य कर रही है। उनका कहना था कि केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी भी इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य विपक्ष की आवाज को दबाना और कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचाना है।
पुतला दहन के दौरान पुलिस से हुई झूमाझटकी
पुतला दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की एवं झूमाझटकी की स्थिति बन गई। कार्यकर्ता पुतला दहन पर अड़े रहे, जबकि पुलिस उन्हें रोकने का प्रयास करती रही। कुछ देर तक चले घटनाक्रम के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस पदाधिकारी
प्रदर्शन में संजारी-बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई बंद नहीं हुई तो कांग्रेस प्रदेशभर में अपने जनआंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों का विरोध जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!