रायपुर। राज्य सरकार द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर प्रदान करने के ऐतिहासिक निर्णय का छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन ने स्वागत किया है। एसोसिएशन के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात कर खेल प्रतिभाओं के हित में लिए गए फैसलों के लिए आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान एसोसिएशन ने विशेष रूप से राज्य सरकार द्वारा 20 विभिन्न खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए जाने तथा उन्हें शासकीय सेवा में लाभ का अवसर उपलब्ध कराने के निर्णय को प्रदेश के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण पहल बताया। पदाधिकारियों ने कहा कि इस निर्णय से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, युवाओं में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनेगा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने भविष्य को लेकर अधिक आश्वस्त महसूस करेंगे।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से उत्कृष्ट खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सम्मान देने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। सरकार के इस फैसले से न केवल खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन का उचित सम्मान मिलेगा, बल्कि प्रदेश में खेलों के प्रति नई पीढ़ी का आकर्षण भी बढ़ेगा। एसोसिएशन ने इसे खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा और उपलब्धियों के अनुरूप उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार करना है, जहां खिलाड़ियों को अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन, प्रोत्साहन और सम्मान मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर देने का निर्णय केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना भी है। उनका मानना है कि इससे अधिक से अधिक युवा खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम देश-दुनिया में गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्र निर्माण जैसे मूल्यों को विकसित करने का सशक्त आधार भी हैं।
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाओं के विकास और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की खेलोन्मुखी नीतियों से छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में देश के अग्रणी खेल राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।




















