Skip to main content

प्रदेश रूचि

अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर राष्ट्र सेवा का संकल्प, स्वच्छता अभियान और भारत माता की आरती से हुआ आयोजन

बालोद।।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बालोद में सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय बस स्टैंड स्थित भारत माता की प्रतिमा के समक्ष परिषद कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर की साफ-सफाई की, इसके पश्चात पुष्पांजलि अर्पित कर सामूहिक आरती के माध्यम से राष्ट्र सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अभाविप केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना का सशक्त अभियान है, जो पिछले 78 वर्षों से “ज्ञान, शील, एकता” के मूल मंत्र के साथ विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और इसी सोच के साथ परिषद शिक्षा, समाज एवं राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। स्थापना दिवस केवल संगठन की गौरवशाली यात्रा का स्मरण करने का अवसर नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को पुनः संकल्पित करने का भी महत्वपूर्ण दिवस है।
वक्ताओं ने कहा कि अभाविप का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, संगठन और संस्कार के माध्यम से राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वच्छता अभियान के माध्यम से समाज में स्वच्छता, जागरूकता और नागरिक उत्तरदायित्व का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में प्रांत सहमंत्री (छत्तीसगढ़) मनीषा राणा, जिला संयोजक दीपेश साहू, नगर मंत्री शान सोनी, नगर सहमंत्री मयंक साहू (मान्या), मीडिया प्रभारी सुजल खन्ना सहित यश राजपूत, लक्ष्य चौधरी, आशुतोष कौशिक, अंश योगी, ओम अरोड़ा, जितेश सोनी, दीपेश कुमार साहू, लुमेश साहू, आकाश श्रीवास्तव, रुद्र यादव, कीर्तन साहू, बॉबी देशमुख एवं बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!