लोहे की जाली काटकर वारदात को दिया अंजाम, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
बालोद। जिले में चंदन तस्करों ने एक बार फिर पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। बालोद थाना क्षेत्र के हथौद स्थित महर्षि मुक्तानंद आश्रम परिसर में लगे करीब 20 साल पुराने मलयागिरि प्रजाति के पांच चंदन के पेड़ों को अज्ञात तस्कर रात के अंधेरे में काटकर ले गए। चोरी का पता बुधवार सुबह चला, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार महर्षि मुक्त लोक सेवा सार्वजनिक न्यास के सचिव एवं सरस्वती शिशु उच्च माध्यमिक विद्यालय हथौद के प्राचार्य पवन कुमार साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि आश्रम की कृषि भूमि की मेड़ पर करीब 20 वर्ष पहले आठ चंदन के पौधे लगाए गए थे, जिनकी नियमित देखभाल की जा रही थी।

बुधवार सुबह विद्यालय के एक आचार्य ने फोन पर सूचना दी कि आश्रम परिसर में लगे चंदन के पेड़ काट दिए गए हैं। सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की जाली काट दी गई थी। तस्कर जाली काटकर अंदर घुसे और पांच चंदन के पेड़ों को काटकर उनके तने अपने साथ ले गए। घटनास्थल पर केवल पेड़ों की डालियां और ठूंठ ही पड़े मिले।

रिपोर्ट के मुताबिक चोरी हुए पांचों चंदन के पेड़ों की कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। पेड़ों की मोटाई 39 से 64 सेंटीमीटर तथा ऊंचाई करीब 7 से 8 फीट बताई गई है।
शिकायत के आधार पर बालोद थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक सूरज राम साहू कर रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि वारदात पूरी योजना के साथ की गई। तस्करों ने पहले सुरक्षा जाली काटी और फिर केवल परिपक्व चंदन के पेड़ों के तने काटकर फरार हो गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और तस्करों तक पहुंचने के लिए हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।




















