Skip to main content

प्रदेश रूचि

दल्लीराजहरा में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, तैयारियों को अंतिम रूप

दल्लीराजहरा। नगर में भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा को लेकर धार्मिक माहौल बनने लगा है। आयोजन समिति और श्री जगन्नाथ महिला सेवा समिति द्वारा रथयात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। लगातार चौथे वर्ष आयोजित होने जा रहे इस धार्मिक आयोजन में इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष मनु चौधरी ने बताया कि भगवान श्रीजगन्नाथ की गुंडिचा रथयात्रा 16 जुलाई को निकाली जाएगी, जबकि बहुड़ा (वापसी) रथयात्रा 24 जुलाई को संपन्न होगी। दोनों अवसरों पर दोपहर 12 से 3 बजे तक महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा के दौरान भगवान श्रीजगन्नाथ नगर भ्रमण कर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे तथा गुंडिचा मंडप में विराजमान होंगे।


रथयात्रा को लेकर मंदिर परिसर एवं रथ की सजावट, विद्युत व्यवस्था, महाभंडारा, प्रसाद वितरण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी तैयारियां तेज गति से चल रही हैं। आयोजन समिति के सदस्य विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने में जुटे हैं।
श्री जगन्नाथ महिला सेवा समिति की अध्यक्ष पुष्पी वर्मा ने नगरवासियों से आयोजन में अधिक से अधिक सहभागिता निभाने और महाभंडारे में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरे नगर की आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है, इसलिए सभी नागरिक इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इधर, आयोजन समिति की सदस्य माधुरी रथ, बबीता जेना, किरण बेहेरा, अनुपमा बेहेरा, नंदा पटनायक, नीलिमा भारद्वाज एवं मनु चौधरी ने जिला कलेक्टर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर उन्हें रथयात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया। साथ ही प्रशासन से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में आवश्यक सहयोग का आग्रह भी किया गया।


समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 16 जुलाई को सुबह 11 बजे भगवान श्रीजगन्नाथ का मंदिर से रथ तक आगमन होगा। इसके बाद रथ पूजन एवं विशेष अनुष्ठान संपन्न होंगे और दोपहर 12:30 बजे रथयात्रा प्रारंभ होगी। दोपहर एक बजे से महाभंडारा आयोजित किया जाएगा। रथयात्रा शाम तक नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी तथा शाम को भगवान गुंडिचा मंडप में विराजमान होंगे, जहां महाआरती संपन्न होगी। 16 से 24 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह-शाम आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा, जबकि 24 जुलाई को महाभंडारे के पश्चात भगवान श्रीजगन्नाथ की बहुड़ा रथयात्रा निकाली जाएगी।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीजगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!