Skip to main content

प्रदेश रूचि

मन की बात’ से बूथ तक संगठन मजबूत करने का आह्वान, डौंडीलोहारा में भाजपा का चुनावी मंथन

डौंडीलोहारा। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने डौंडीलोहारा में विधानसभा स्तरीय अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया। भाजपा जिला अध्यक्ष के निर्देश पर भाजपा मंडल डौंडीलोहारा के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अभी से पूरी सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी चंदूलाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है और अनेक देशों के साथ भारत के संबंध पहले से अधिक मजबूत हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ कार्यक्रम को बूथ स्तर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल प्रशिक्षण देकर प्रमाण-पत्र दिलाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा निर्धारित छह प्रमुख संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन प्रत्येक बूथ और मंडल स्तर पर नियमित रूप से किया जाए। प्रत्येक बूथ पर एक रजिस्टर रखने और उसमें संगठनात्मक गतिविधियों का रिकॉर्ड संधारित करने के भी निर्देश दिए। सम्मेलन के दौरान उन्होंने विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्षों से भाजपा द्वारा संचालित अभियानों की जमीनी प्रगति की जानकारी भी ली।

चंदूलाल साहू ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि अभी से पूरी मेहनत और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत किया गया तथा अधिक से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ा गया, तो आगामी विधानसभा चुनाव में डौंडीलोहारा विधानसभा में भाजपा निश्चित रूप से विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नोहरू राम निषाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश दोनों स्तर पर भाजपा की सरकार होने के बावजूद डौंडीलोहारा विधानसभा में भाजपा विधायक नहीं होने के कारण कई योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अपेक्षित रूप से नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से आगामी चुनाव में भाजपा यहां भी जीत का परचम लहराएगी।

जिला प्रभारी संध्या परगनिया ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बालोद जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा विजय हासिल करेगी। उन्होंने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को चुनावी सफलता की कुंजी बताया।

सम्मेलन में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, जिला महामंत्री सौरभ लूनिया, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश महामंत्री देवेंद्र महाला, जिला कोषाध्यक्ष हरीश कटझरे, सहकोषाध्यक्ष मनीष झा, जिला उपाध्यक्ष टीनेश्वर बघेल, जिला मंत्री सोमेश सोरी, श्याम जायसवाल, देवेंद्र जायसवाल, मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा, योगेंद्र सिन्हा, रुपेश नायक, दल्ली राजहरा नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू, डौंडीलोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम, जनपद उपाध्यक्ष जयलाल मालेकर, डौंडी नगर पंचायत अध्यक्ष कुलेश्वरी चोरका, डौंडी जनपद अध्यक्ष मुकेश कौड़ो, महामंत्री सुमेंद्र देशमुख, दुष्यंत गिरी गोस्वामी, मंडल उपाध्यक्ष संदीप जैन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन के बाद विधानसभा प्रभारी चंदूलाल साहू ने भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा के निवास पहुंचकर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भेंट की। इस दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष नेहा उपाध्याय, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष जसराज शर्मा, एल्डरमैन धीरेंद्र टॉक, लता गुप्ता, जीवराखन कौमार्य, पार्षद रेवती कोलियारे, शिवानी भंसाली, वीर सिंह ठाकुर, दिलीप बाफना, मीडिया प्रभारी प्रीतम साहू सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!