Skip to main content

प्रदेश रूचि

भव्य होगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, बालोद में तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक; सुरक्षा से महाप्रसाद तक बनी पूरी रूपरेखा

बालोद। भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की वार्षिक रथयात्रा को भव्य, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बालोद कार्यालय में सार्वजनिक रथ यात्रा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समिति की अध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रथयात्रा के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि भगवान श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं भ्राता बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना कपिलेश्वर मंदिर में दोपहर 12 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगी। इसके उपरांत दोपहर 2 बजे भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा प्रारंभ होगी।


रथयात्रा कपिलेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर हलधरनाथ चौक, मोखलामांक्षी मंदिर, जयस्तंभ चौक, पुराना बस स्टैंड, सदर रोड एवं बुधवारी बाजार होते हुए महामाया मंदिर (मौसी घर) पहुंचेगी। समिति ने यह भी निर्णय लिया कि यदि समय अनुकूल रहा तो रथयात्रा का विस्तार करते हुए इसे शीतला मंदिर, गंगासागर तालाब, नया बस स्टैंड एवं दल्ली चौक मार्ग से पुनः पुराना बस स्टैंड तक ले जाया जाएगा, ताकि अधिकाधिक श्रद्धालु भगवान के दर्शन का लाभ प्राप्त कर सकें।
भक्ति और आकर्षण का बनेगा केंद्र
बैठक में भगवान श्री जगन्नाथ के रथ को रंग-बिरंगे फूलों एवं आकर्षक मालाओं से सजाने का निर्णय लिया गया। नगर के प्रमुख मार्गों पर धार्मिक ध्वज एवं स्वागत द्वार स्थापित किए जाएंगे, जिससे संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था जनसहभागिता एवं विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से की जाएगी। समिति ने आयोजन में समाज के सभी वर्गों से सक्रिय सहयोग की अपील की है।
सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन एवं यातायात विभाग से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। समिति का मानना है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए बेहतर यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक होगी।


नगरवासियों से की सहभागिता की अपील
समिति की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और जनआस्था का महापर्व है। उन्होंने नगरवासियों से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर भगवान के दर्शन करने, रथ खींचने का पुण्य लाभ प्राप्त करने तथा महाप्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
महाप्रसाद एवं सेवा के लिए कर सकते हैं सहयोग
सार्वजनिक रथ यात्रा समिति ने बताया कि यदि कोई श्रद्धालु महाप्रसाद अथवा अन्य किसी सेवा के रूप में स्वेच्छा से सहयोग करना चाहता है, तो वह समिति के सदस्य संतोष पाढ़ी, प्रेमचंद क्षीरसागर, मोहन साहू, खूबलाल साहू, प्रीतम यादव एवं कमल पनपालिया से संपर्क कर सकता है।
बैठक में कमलेश सोनी, पुष्पा साहू, किरण साहू, प्रीतम यादव, रीता सोनी, निर्देश पटेल, सुमित शर्मा, सुनीता मनहर, आशा पटेल, गोकुल ठाकुर, विनोद शर्मा, गोमती रात्रे, गिरिजेश गुप्ता, श्यामा यादव, कसीमुद्दीन कुरैशी, कमल पनपालिया, ठाकुरनाथ योगी, संतोष पाढ़ी, प्रेमचंद क्षीरसागर, तुलसी यादव, सुनील यादव, दीपक देवांगन, संतोष कौशिक सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!