Skip to main content

प्रदेश रूचि

बारिश के बीच खेत में अचानक धंसी जमीन, 20 फीट चौड़ा विशाल गड्ढा बनने से मचा हड़कंप

बालोद। जिले के गुरूर विकासखंड के ग्राम भानपुरी में लगातार हो रही बारिश के बीच एक चौंकाने वाली प्राकृतिक घटना सामने आई है। किसान खेलन साहू के खेत में अचानक जमीन धंस जाने से लगभग 20 फीट चौड़ा और 15 फीट गहरा विशाल गड्ढा बन गया। घटना के बाद पूरे गांव में कौतूहल के साथ दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लगातार पानी भरने से जमीन पूरी तरह संतृप्त हो गई थी। इसी दौरान किसान खेलन साहू के खेत का एक हिस्सा अचानक धंस गया और देखते ही देखते वहां विशाल गड्ढा बन गया।

गनीमत रही कि घटना के समय खेत में कोई किसान या मवेशी मौजूद नहीं था। यदि उस समय कोई व्यक्ति या पशु वहां होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल गड्ढे के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी और सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को घेर दिया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

ग्रामीणों का अनुमान है कि लगातार बारिश के चलते जमीन की अंदरूनी परतें कमजोर हो गईं। संभवतः मिट्टी के भीतर कटाव या खाली स्थान बनने के कारण ऊपरी सतह अचानक धंस गई, जिससे इतना बड़ा गड्ढा बन गया। हालांकि वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।

पीड़ित किसान खेलन साहू ने बताया कि यह खेत उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है और हर वर्ष इसी भूमि पर खेती कर परिवार का भरण-पोषण होता है। जमीन धंसने से खेत का एक बड़ा हिस्सा खेती योग्य नहीं रह गया है, जिससे आगामी खरीफ फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने, वैज्ञानिक जांच कराने तथा उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

घटना की सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने और नुकसान का पंचनामा तैयार किए जाने की संभावना है। वहीं इस अप्रत्याशित घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भी चिंता बढ़ गई है, क्योंकि लगातार हो रही बारिश के बीच अन्य खेतों की जमीन की स्थिति को लेकर भी आशंकाएं जताई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!