
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई वर्षों में विद्युत सरप्लस छत्तीसगढ़ अब बिजली कटौती का केंद्र बन गया है। गर्मी के इस मौसम में शहर से लेकर गांव तक लोग घंटों बिजली गुल रहने और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो 24 घंटे बिजली उपलब्ध करा पा रही है और न ही उपभोक्ताओं को राहत दे रही है।
कांग्रेस ने दावा किया कि मई माह में आम उपभोक्ताओं के बिजली बिल पिछले महीनों की तुलना में लगभग दोगुने आए हैं। पार्टी के अनुसार गर्मी के कारण बिजली खपत बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन जिस तरह से उपभोक्ताओं पर महंगी बिजली का बोझ डाला जा रहा है, वह सरकार प्रायोजित लूट जैसा है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों को “मुनाफाखोरी वाली व्यवस्था” बताते हुए कहा कि आम आदमी लगातार आर्थिक दबाव झेल रहा है।

कांग्रेस ने अपनी पूर्ववर्ती सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाती थी। मांग बढ़ने पर दूसरे राज्यों से बिजली खरीदी जाती थी, किसानों को सिंचाई के लिए निःशुल्क बिजली दी जाती थी और “बिजली बिल हाफ योजना” के माध्यम से लाखों घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी। कांग्रेस का दावा है कि इस योजना से प्रत्येक उपभोक्ता को पांच वर्षों में 40 से 50 हजार रुपये तक की बचत हुई थी, जिसे वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया।
इधर बालोद शहर में लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर कांग्रेसजनों ने विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष कसमुद्दीन कुरेशी, पार्षद सुमित शर्मा, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष साजन पटेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंचल साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जहां अस्थायी बिजली कनेक्शन हैं, वहां उपभोक्ताओं को स्थायी कनेक्शन लेने के लिए विभाग आवश्यक व्यवस्थाएं करेगा। साथ ही जिन क्षेत्रों में सिंगल फेस लाइन के कारण लो वोल्टेज की समस्या है, वहां रहवासियों के सामूहिक आवेदन पर थ्री फेस लाइन, नए ट्रांसफॉर्मर और अतिरिक्त खंभों की व्यवस्था की जाएगी।
हालांकि कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो शहर से लेकर प्रदेश स्तर तक आंदोलन तेज किया जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि जनता को राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है और बिजली संकट को लेकर पार्टी हर स्तर पर संघर्ष के लिए तैयार है।




















