प्रदेश रूचि

पुलिस नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख की ठगी, परिवहन विभाग में पदस्थ कर्मचारी पर मामला दर्ज

बालोद। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस भर्ती में चयन कराने का झांसा देकर युवक से दो लाख रुपए लेने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 420 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा (डंगनिया) निवासी मेघराज साहू (27) ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वर्ष 2024-25 के दौरान पुलिस भर्ती प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान उनके बड़े भाई इलियास मोहम्मद, जो सेना से सेवानिवृत्त हैं, के माध्यम से उनकी मुलाकात दुर्ग निवासी प्रकाश चंद्र पढवेकर से हुई।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, प्रकाश चंद्र पढवेकर ने स्वयं को मंत्रालय स्तर तक अच्छी पहुंच वाला बताते हुए पुलिस विभाग में जीडी आरक्षक पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि उसने एक मार्च 2024 को अपनी पत्नी कुसुम पढवेकर के भारतीय स्टेट बैंक खाते में दो लाख रुपए जमा करवाए। साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि यदि नौकरी नहीं लगी तो पूरी राशि ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी।

पीड़ित युवक का आरोप है कि लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने और राशि वापस नहीं मिलने पर उसने आरोपी से संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पुलिस थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

वहीं, इस मामले में आरोपी प्रकाश चंद्र पढवेकर का कहना है कि उसका इस प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं है। आरोपी ने स्वयं पर लगाए गए आरोपों से इनकार किया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े बैंक लेन-देन और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!