प्रदेश रूचि

बेटियां सीखेंगी तलवार, कराते और आत्मरक्षा के गुर: बिलासपुर में लगेगा दुर्गावाहिनी का शौर्य शिविर, बालोद समेत पूरे प्रदेश में तैयारी तेज

 

बालोद। विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा आयोजित सात दिवसीय दुर्गावाहिनी शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 16 मई से 23 मई तक बिलासपुर में किया जाएगा। प्रशिक्षण वर्ग को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं और सभी जिलों में छात्राओं से संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत संगठन के प्रांत मंत्री पूर्णेंदु सिन्हा ने पत्र जारी कर सभी जिला इकाइयों को निर्देशित किया है कि अधिक से अधिक छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। संगठन का उद्देश्य बदलते सामाजिक परिवेश में बेटियों को धार्मिक, सांस्कृतिक और आत्मरक्षा के क्षेत्र में सशक्त बनाना है।

प्रशिक्षण वर्ग में दुर्गावाहिनी की प्रशिक्षित बहनों द्वारा छात्राओं को धर्म, सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूल मंत्रों की शिक्षा दी जाएगी। साथ ही आत्मरक्षा के लिए दंड संचालन, तलवार चलाना, कराते, योग एवं विभिन्न शारीरिक प्रशिक्षण भी प्रदान किए जाएंगे, ताकि बेटियां विषम परिस्थितियों का मजबूती से सामना कर आत्मनिर्भर बन सकें।

संगठन का मानना है कि वर्तमान समय में समाज की बेटियों को जागरूक, सक्षम और आत्मविश्वासी बनाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विहिप वर्षभर विभिन्न स्थानों पर मातृशक्ति संगठन, दुर्गावाहिनी, बजरंग दल एवं परिषद वर्गों का आयोजन करता है।

बिलासपुर में आयोजित होने वाले इस प्रांत स्तरीय वर्ग में रायपुर, राजनांदगांव, बस्तर, दुर्ग और बिलासपुर विभाग सहित अन्य जिलों से बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल होंगी।

बालोद जिले में भी संगठन के पदाधिकारी प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेने वाली छात्राओं से लगातार संपर्क कर रहे हैं। इस अभियान में जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता, पोषण बनपेला, अजय अग्रवाल, राजेश सोनी, सत्या साहू, ममता यदु, उमेश सेन, योगिता साहू, पूजा जैन, संगीता शर्मा, सेवन साहू, तरुण राठी, मुरली साहू, पुनीता मिश्रा, प्रेम शुक्ला, पंकज साहू, दामिनी साहू, वर्षा साहू सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!