कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद महाविद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. यासर कुरैशी ने की। विशिष्ट अतिथियों में हरीश करझरे (सदस्य, पिछड़ा वर्ग सलाहकार परिषद), कांति सोनबरसा (अध्यक्ष, जनपद पंचायत डौंडी लोहारा), दुलारी बाई देवांगन (सदस्य, जनपद पंचायत), विवेक वैष्णव (अध्यक्ष, जनभागीदारी समिति), राधेश्याम देवांगन (महामंत्री), मनोहर लाल भुआर्य (सरपंच, ग्राम पंचायत खेरथा) और गोपाल प्रजापति (पूर्व अध्यक्ष, जनभागीदारी समिति) शामिल रहे।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में मिलेट के पोषण मूल्य, स्वास्थ्य लाभ और आधुनिक जीवनशैली में इसकी बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डाला। प्राचार्य डॉ. यासर कुरैशी ने कहा कि मिलेट पारंपरिक आहार का अहम हिस्सा रहा है और आज इसे फिर से जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। कांति सोनबरसा ने ग्रामीण क्षेत्रों में मिलेट के उपयोग और इससे मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी साझा की। महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर साधना श्रीवास्तव ने पोषण आहार में मिलेट की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वहीं चेमन देशमुख ने स्वस्थ जीवनशैली के लिए मिलेट को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर, निबंध, प्रश्नोत्तरी और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही सभी अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए।

महाविद्यालय परिसर में मिलेट से बने विविध व्यंजनों और उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, जिनका अतिथियों ने अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इन स्टॉलों में विद्यार्थियों, स्थानीय उद्यमियों और महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




















