प्रदेश रूचि

8 साल की तपस्या का फल… आखिर कैसे बने बालोद के आर्यन ‘ग्रेड-A’ कोच? पढ़िए पूरी खबर

बालोद। छत्तीसगढ़ के मार्शल आर्ट जगत से जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है। बालोद जिले के ग्राम मेढ़की निवासी आर्यन साहू ने जु-जित्सू मार्शल आर्ट में कोच/रेफरी की परीक्षा ‘ए ग्रेड’ से उत्तीर्ण कर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि उन्होंने वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और गुरुजनों के मार्गदर्शन से हासिल की है।
बताया गया है कि आर्यन साहू पिछले करीब आठ वर्षों से जु-जित्सू मार्शल आर्ट का नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसी निरंतर अभ्यास और समर्पण का परिणाम है कि उन्होंने कोच/रेफरी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

जु-जित्सू मार्शल आर्ट एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा 28 फरवरी और 1 मार्च को कोच/रेफरी के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर एवं परीक्षा का आयोजन किया गया था। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सीनियर फाइटर्स और प्रशिक्षु शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खेल के तकनीकी नियम, रेफरी के दायित्व, फाइट संचालन की प्रक्रिया तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अपनी सफलता पर आर्यन साहू ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका वे पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। साथ ही वे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर मार्गदर्शन देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का प्रयास करेंगे।

इस प्रशिक्षण एवं परीक्षा का संचालन एसोसिएशन के सचिव सेंसुई राणा, अजय सिंह तथा रेफरी काउंसिल ऑफ छत्तीसगढ़ के चेयरमैन सेंसुई सुरेश प्रसाद शांडिल्य के मार्गदर्शन में किया गया।
आर्यन साहू की इस उपलब्धि पर उनके पिता दिनेश साहू सहित टहल साहू, निर्मल साहू, देवेंद्र साहू, राजू साहू, पीयूष साहू, देवाशीष साहू, राजा साहू और ग्राम मेढ़की के नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!