प्रदेश रूचि

बालोद में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, NH-930 सहित प्रमुख मार्गों से 97 स्थानों से हटाए गए कब्जे

बालोद। नगर को सुव्यवस्थित बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला प्रशासन ने बालोद शहर में बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर से होकर गुजरने वाली नेशनल हाईवे-930 और शहर के प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाते हुए कार्रवाई की। इस दौरान राजहरा चौक से मधु चौक तक सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।


सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमले ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नेशनल हाईवे-930 मार्ग और शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कई दुकानों के सामने बने टीन शेड, अस्थायी ढांचे और अन्य अतिक्रमणों को जेसीबी और बुलडोजर की मदद से हटाया गया। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर अतिक्रमणकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी, हालांकि प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी। पूरे अभियान के दौरान पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।


प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इस अभियान के तहत कुल 97 स्थानों से अतिक्रमण हटाकर मार्ग को मुक्त कराया गया, जिससे सड़क की चौड़ाई बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में इस संबंध में बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों की सहमति से अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा चिन्हित अतिक्रमणकारियों सहित अन्य लोगों को तीन दिन के भीतर स्वेच्छा से कब्जा हटाने की अपील की गई थी। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर नियमानुसार बलपूर्वक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!