प्रदेश रूचि

राष्ट्रीय प्रशिक्षण से लौटे शिक्षक, नई सोच और प्रयोगात्मक पद्धति से बदलेंगे पढ़ाई का स्वरूप

बालोद। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत स्कूल मेंटोरिंग बाय हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूट योजना के तहत माध्यमिक स्तर के गणित एवं विज्ञान विषयों को और अधिक प्रभावी, रोचक एवं व्यवहारिक बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर का तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) पुणे में संपन्न हुआ, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से चयनित शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के तीन संभागों के अंतर्गत कुल 20 जिलों से प्रत्येक जिले के केवल 5 विज्ञान संकाय शिक्षकों का चयन किया गया था। इस चयन प्रक्रिया में बालोद जिले से चार व्याख्याताओं का चयन होना जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


बालोद जिले से हायर सेकेंडरी स्कूल बड़गांव की व्याख्याता कादम्बिनी यादव, संजरी की भेनुमती चतुर्वेदी, चिखली के जगदीश राम साहू तथा अर्पणा वर्मा ने इस प्रशिक्षण में सहभागिता कर न केवल अपने-अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया। यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत आयोजित किया गया, जो भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार की एक महत्त्वपूर्ण पहल है। अभियान का उद्देश्य 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों में विज्ञान, गणित एवं प्रौद्योगिकी के प्रति जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करना है।
तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गणित एवं विज्ञान जैसे जटिल विषयों को सरल, व्यावहारिक एवं छात्र-केंद्रित तरीकों से पढ़ाने की नई तकनीकों से शिक्षकों को परिचित कराना रहा। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा गतिविधि आधारित शिक्षण, प्रयोगात्मक पद्धतियों तथा दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से विषयों को समझाने की आधुनिक विधियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान यह विशेष रूप से बताया गया कि गणित और विज्ञान को केवल सूत्रों या पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखते हुए प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाया जाना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि बढ़े और उनकी समझ गहरी हो।


प्रशिक्षण में शिक्षकों को डिजिटल टूल्स, शैक्षणिक ऐप्स, विशेष हैंड-ऑन किट एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग की भी जानकारी दी गई। साथ ही कम लागत में उपलब्ध सामग्री से शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) तैयार करने के व्यावहारिक तरीकों पर भी मार्गदर्शन दिया गया, ताकि संसाधनों की कमी के बावजूद गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी शिक्षकों को IISER पुणे की साइंस गैलरी एवं अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का भ्रमण भी कराया गया, जिससे उन्हें प्रयोगात्मक अधिगम की व्यवहारिक समझ प्राप्त हुई और विद्यालय स्तर पर नवाचार करने की प्रेरणा मिली।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न हुआ। राज्य स्तर से आयुक्त किरण कौशल (आईएएस), उपसंचालक ए.के. सारस्वत, सहायक संचालक मंजूलता साहू तथा राज्य समन्वयक राजेश सोनकर सहित अन्य अधिकारियों का सतत मार्गदर्शन शिक्षकों को प्राप्त हुआ। अधिकारियों ने शिक्षकों को नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को अपनाने और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच एवं तार्किक दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष जोर दिया।


प्रशिक्षण उपरांत व्याख्याता कादम्बिनी यादव ने बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक, व्यवहारिक और छात्र-केंद्रित बनाने की नई दृष्टि प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग वे अपने विद्यालय में नवाचारी गतिविधियों के माध्यम से करेंगी, जिससे विद्यार्थियों में गणित एवं विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ेगी और विषयों को लेकर उनकी समझ मजबूत होगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकों को अन्य शिक्षकों के साथ साझा कर विद्यालय स्तर पर सामूहिक नवाचार किए जाएंगे।


प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटे सभी शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी  मधुलिका तिवारी, डीएमसी, सहायक जिला परियोजना अधिकारी अवन कुमार जांगड़े, एपीसी जी.एल. खुरश्याम, विकासखंड शिक्षा अधिकारी हिमांशु मिश्रा, सहायक विकासखंड अधिकारी एस.के. साहू सहित समस्त विकासखंड स्तरीय अधिकारियों एवं विद्यालय प्राचार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव को जिले के अन्य शिक्षकों के साथ साझा कर बालोद जिले में गणित एवं विज्ञान शिक्षण की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा। यह प्रशिक्षण न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि जिले के शिक्षा स्तर को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!