
कार्यक्रम के दौरान प्रतिमा का अनावरण कर शहीद वसीत कुमार रावटे को नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद वसीत ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

वसीत कुमार रावटे का जन्म 26 अक्टूबर 1991 को बालोद जिले के फागुनदाह (सिंगनवाही) गांव में हुआ था। वे 12 अप्रैल 2016 को छत्तीसगढ़ पुलिस में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए और 1 नवंबर 2017 से स्पेशल टास्क फोर्स में सेवाएं दे रहे थे।
नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 6 फरवरी 2025 को बीजापुर जिले के फरसेगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल पार्क इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में वसीत रावटे ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए साथियों की सुरक्षा करते हुए डटकर मुकाबला किया और छह नक्सलियों को मार गिराया। अभियान में कुल 31 नक्सली मारे गए। इसी दौरान वे वीरगति को प्राप्त हुए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने शहीद के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी आकाश शुक्ला, डीएसपी यादराम बघेल, डीएसपी सतीश ध्रुवे, डीएसपी राजेश बागड़े, डीएसपी बोनिफास एक्का सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




















