प्रदेश रूचि

बजट पर चंद्राकर का कांग्रेस पर तीखा हमला, 2047 विकसित भारत का बताया विजन बालोद प्रेसवार्ता में युवाओं, महिलाओं और किसानों पर फोकस बजट का किया दावा

बालोद। जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट को लेकर आयोजित पत्रकारवार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने बजट को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने वाला विजनरी बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की दशा और दिशा तय करने वाला है, जिसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और उद्योग जगत को विशेष प्राथमिकता दी गई है।


अजय चंद्राकर ने कहा कि केंद्रीय बजट में उद्योग, एमएसएमई और व्यापार क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई अनुकूल प्रावधान किए गए हैं। आईटी, पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं शामिल की गई हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रत्येक जिले में महिला हॉस्टल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कदम प्रस्तावित किए गए हैं। वहीं किसानों की आय बढ़ाने, पशुपालन क्षेत्र में सब्सिडी और कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि महानगरों और शहरी क्षेत्रों के विकास को लेकर भी बजट में नए प्रावधान किए गए हैं, जिससे शहरों के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
पत्रकारों द्वारा छत्तीसगढ़ में टमाटर उत्पादक किसानों और फूड प्रोसेसिंग प्लांट की संभावनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर चंद्राकर ने कहा कि यह विषय राज्य सरकार के बजट में शामिल किया जाएगा और किसानों को इसका लाभ मिलेगा।


पत्रकारवार्ता के दौरान अजय चंद्राकर ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला। उन्होंने मनरेगा योजना के नामकरण को लेकर कहा कि जब वे ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री थे, तब योजना का नाम छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी योजना रखा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में कांग्रेस नेताओं द्वारा छत्तीसगढ़ का नाम हटाने का विरोध किया गया, जिसके बाद योजना में महात्मा गांधी का नाम जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को छत्तीसगढ़ की पहचान से हमेशा परेशानी रही है और वे नाम परिवर्तन के मुद्दे पर अनावश्यक राजनीति करते हैं।

चंद्राकर ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए 28 लाख मकानों का आंकड़ा कांग्रेस नेता सही तरीके से लिखकर दिखा दें, तो वे उन्हें पुरस्कार देने को तैयार हैं। उन्होंने कांग्रेस को गरीब और मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का काम कर रही है।
इस दौरान उन्होंने कवासी लखमा द्वारा बजट सत्र में शामिल होने के लिए विधानसभा में आवेदन देने के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश और आवेदन की प्रक्रिया को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विषय विधानसभा से जुड़ा हुआ है और अंतिम निर्णय विधानसभा अध्यक्ष द्वारा लिया जाएगा।

इस प्रेस वार्ता में लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लूनिया, कृष्णकांत पवार, पवन साहू, भाजपा महामंत्री राकेश छोटू यादव सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने केंद्रीय बजट को देश के विकास और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!