प्रदेश रूचि

यज्ञदत्त शर्मा ने परसदा में नवीन आंगनबाड़ी भवन का किया लोकार्पण, बाल शिक्षा को बताया मजबूत आधार,बोले आंगनबाड़ी से मजबूत होगा बच्चों का भविष्य

बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने ग्राम पंचायत परसदा में लगभग 6 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन आंगनबाड़ी केंद्र भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी को नौनिहालों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बताया।

लोकार्पण उपरांत उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में आंगनबाड़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने छोटे बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी भेजें, ताकि उन्हें शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक पोषण एवं संस्कार भी मिल सकें और वे आगे की शिक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।

शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र गांव स्तर पर शिक्षा की पहली सीढ़ी होते हैं, जहां से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत होती है। उन्होंने नव निर्मित आंगनबाड़ी भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया तथा इस पहल को गांव के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

लोकार्पण कार्यक्रम में जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, भाजपा जिला मंत्री प्रेम साहू, जुंगेरा भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल वोहरा, विनोद कौशिक, दानेश्वर सिन्हा, रंजन कुलदीप, जनपद सदस्य दमयंती हरदेल, गिरीश निर्मलकर (सरपंच, दरबारी नवागांव), राजू लाल आर्य (सरपंच, परसदा), उप सरपंच केसराम चुरेन्द्र, दुरपति गंगबेर (पूर्व सरपंच, परसदा), उप सरपंच टूमन कौशिक, पंच असीमे साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने नवीन आंगनबाड़ी भवन के निर्माण पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे गांव के बच्चों के भविष्य को मजबूत करने वाला कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!