स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति में डौंडीलोहारा के लाल लखबीर सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे श्रीराम ट्रॉफी अखिल भारतीय क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप बी के दूसरे क्वार्टर फाइनल में विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन ने दमदार प्रदर्शन करते हुए राजधानी दिल्ली को 69 रनों से करारी शिकस्त दी।
टॉस जीतकर दिल्ली की सितारों से सजी टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया और विदर्भ को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। विदर्भ की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन विकेटकीपर-बल्लेबाज संगीत सोनी ने शानदार अंदाज में पारी को संभालते हुए 85 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनके साथ कार्तिक ने 32 रनों का उपयोगी योगदान दिया। अन्य बल्लेबाजों के छोटे लेकिन अहम प्रयासों की बदौलत विदर्भ ने 25 ओवर में 214 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया और दिल्ली को 215 रनों का लक्ष्य दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन 10 ओवर के बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते चले गए। कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका और पूरी टीम 126 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस तरह विदर्भ ने मुकाबला 69 रनों से अपने नाम कर सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
मैन ऑफ द मैच
मैच का मैन ऑफ द मैच पुरस्कार विदर्भ के विकेटकीपर-बल्लेबाज संगीत सोनी को उनकी शानदार 85 रनों की पारी के लिए दिया गया।

अतिथि व आयोजन
मैच के मुख्य अतिथि बालोद जिला पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल रहे। उनके साथ डौंडीलोहारा थाना प्रभारी मुकेश सिंह भी उपस्थित थे। संस्था के पदाधिकारियों ने अतिथियों का फूलमाला से स्वागत किया। एसपी योगेश पटेल ने खिलाड़ियों से परिचय भी प्राप्त किया।
समापन समारोह के अतिथि अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष समीर खान और अमित सोनी रहे, जिन्होंने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अपने करकमलों से प्रदान किया।
अंपायर व तकनीकी टीम
मैच में छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ पैनल के अंपायर सपन काकडे और हिमाचल साहू रहे। कमेंट्री की जिम्मेदारी महेश देवांगन (बालोद) ने निभाई। स्कोरर ईसाहक हुसैन, मैनेजर हुसैन शेख, फरीद सिद्दीकी, अजय छेदाम रहे।
दर्शकों का उत्साह
प्रतिदिन की तरह आज भी लाल लखबीर सिंह स्टेडियम खचाखच भरा रहा। मैच के दौरान संस्था के अध्यक्ष मोहन निषाद, उपाध्यक्ष जसराज शर्मा, उत्तम मालेकर, सुमित शर्मा, मनोज शर्मा, धीरेंद्र टाक, प्रकाश जैन, जीवराखन, दिलीप बाफना, महेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
आगे का मुकाबला
20 दिसंबर को टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल बिहार बनाम विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन के बीच खेला जाएगा। यह जानकारी मीडिया प्रभारी धीरेंद्र टाक ने दी।
गौरतलब है कि दिल्ली की टीम में आगामी आईपीएल में गुजरात टाइटंस की ओर से खेलने वाले वैभव शर्मा सहित अंडर-19 और अंडर-23 स्तर के खिलाड़ी भी शामिल थे, इसके बावजूद विदर्भ के अनुशासित और आक्रामक खेल के सामने दिल्ली की टीम टिक नहीं सकी।




















