प्रदेश रूचि

बालोद: पार्श्वनाथ दिव्यांग विद्या मंदिर में जन्म कल्याणक पर मूक-बधिर बच्चों की शानदार प्रस्तुति, भाव-विभोर हुआ परिसर

बालोद। सुलतानमल–सजनाबाई चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित पार्श्वनाथ दिव्यांग विद्या मंदिर, उमरा दाह में सोमवार को 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ के जन्म कल्याणक का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्थापित भगवान पार्श्वनाथ की विशाल प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

पूजा के उपरांत विद्यालय के मूक-बधिर बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। संगीत की धुन पर बच्चों की भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को आश्चर्यचकित कर दिया। बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की गई तथा उन्हें उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए पुरस्कृत भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर गुंडरदेही नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बाफना परिवार द्वारा संचालित इस दिव्यांग विद्यालय की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय कार्य बताया। उन्होंने कहा कि बहुत कम लोग ऐसे पुण्य कार्यों में आगे आते हैं। यहां आकर मैं आत्मविभोर हूं। बच्चों की प्रस्तुति सराहनीय रही है, इसके पीछे शिक्षकों की कड़ी मेहनत स्पष्ट दिखाई देती है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय ट्रस्ट को अपनी ओर से ₹21,000 की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।

ट्रस्टी मूलचंद बाफना ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान पार्श्वनाथ के आशीर्वाद एवं संत महेंद्र सागर जी और मनीष सागर जी महाराज साहब की प्रेरणा से इस विद्यालय की स्थापना की गई है। वर्तमान में विद्यालय में 28 मूक-बधिर बच्चे अध्ययनरत हैं तथा तीन शिक्षकों का स्टाफ कार्यरत है। विशेष बात यह है कि यहां पढ़ाने वाले शिक्षक भी मूक-बधिर हैं, जिससे बच्चों को बेहतर ढंग से शिक्षा मिल पा रही है। विद्यालय में बच्चों के आवास, शिक्षा और भोजन की समस्त व्यवस्था पूर्णतः निःशुल्क है।

कार्यक्रम में उपस्थित डॉक्टर प्रदीप जैन ने कहा कि बाफना परिवार द्वारा किया जा रहा जनसेवा का कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। मूक-बधिर बच्चों के लिए यह विद्यालय एक मजबूत संबल है और यहां अध्ययनरत बच्चे किसी भी रूप में सामान्य बच्चों से कम नहीं हैं।

विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्था से प्रभावित होकर कई समाजसेवियों ने भी सहयोग राशि प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन अरुण बाफना ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विद्यालय की संचालिका सुनीता रामपुरिया द्वारा किया गया। भगवान पार्श्वनाथ की पूजा श्रीमती त्रिशला चौरड़िया एवं संभवनाथ महिला मंडल द्वारा संपन्न कराई गई। इस अवसर पर श्रेयांस भंसाली ने भक्ति गीत की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में गौतम बाफना, प्रकाश बाफना, रूपचंद गोलछा, प्रकाश भंसाली, सुभाष बाफना, आशीष बाफना, संजय ढेलडिया, इंदरचंद ढेलडिया, सुनील रत्नबोहरा, किशोर बाफना, दिलीप बाफना, रमन पारख, चीकू चौरड़िया, अभय ललवानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!