स्वास्थ्य जांच के दौरान 9 ऐसे मामले सामने आए, जिनमें संबंधित लोगों को स्वयं को पूरी तरह स्वस्थ महसूस हो रहा था, लेकिन जांच के बाद उनके हृदय में समस्या पाई गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने समय रहते इन मरीजों को आवश्यक इलाज, आगे की जांच और जीवनशैली में बदलाव की सलाह दी। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर पहचान होने से बड़ी बीमारी को टाला जा सकता है।
शिविर में चिकित्सक डॉ. वेदप्रकाश वर्मा और डॉ. सौरभ खरे द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बीपी, शुगर और ईसीजी जांच की गई। लगभग 120 लोगों का ईसीजी परीक्षण किया गया। महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया और उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर को लेकर उन्होंने कहा कि “नगर के हर नागरिक का स्वस्थ रहना हमारी प्राथमिकता है। छोटी-सी जांच कई बार बड़ी बीमारी से बचा सकती है। आगे भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगातार लगाए जाएंगे ताकि हर जरूरतमंद तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकें।”
शिविर में नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी सहित पार्षद गिरिजेश गुप्ता, प्रीतम यादव, पुष्पा साहू, गोमती रात्रे, सुनीता मनहर, कीर्ति साहू, संतोष चौधरी, महेश पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने शिविर की व्यवस्थाओं की सराहना की और नागरिकों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।

स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे लोगों ने इस आयोजन को नवजीवन देने वाली पहल बताते हुए नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदों और स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार जताया। नागरिकों का कहना था कि इस तरह के शिविर आम लोगों के लिए बेहद जरूरी हैं और इन्हें नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए।
नगर पालिका परिषद की यह पहल नगर में स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।




















