प्रदेश रूचि

कलेक्टर और एसपी का जिला जेल बालोद में आकस्मिक निरीक्षण..सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और बंदियों की बेहतर देखरेख के निर्देश

बालोद, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने गुरुवार को जिला जेल बालोद का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल परिसर की सुरक्षा, बंदियों की सुविधा और देखरेख से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

अधिकारियों ने जेल पहुंचकर सबसे पहले बैरकों का निरीक्षण किया और बंदियों से सीधे बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने भोजन, पानी, स्नानागार, शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं की स्थिति पर संतोष जताते हुए जरूरत पड़ने पर इन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जेलर एसपी कुर्रे से जेल की निर्धारित क्षमता और वर्तमान बंदियों की संख्या की जानकारी ली। एक बैरक में भीड़ अधिक होने पर बंदियों को अलग-अलग बैरकों में व्यवस्थित रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।

कलेक्टर और एसपी ने जेलर कक्ष में लगी सीसीटीवी मॉनिटरिंग व्यवस्था का भी अवलोकन किया और सुरक्षा पर कड़ी नजर रखने को कहा।

निरीक्षण के समय अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम नूतन कंवर, एसडीओपी देवांश राठौर, तहसीलदार आशुतोष शर्मा और कोतवाली थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह आकस्मिक निरीक्षण प्रशासन की ओर से जेल सुरक्षा और बंदियों की देखरेख को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!