प्रदेश रूचि

राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी: राकेश यादव की पहल सफल, सीएम ने समापन कार्यक्रम में शामिल होने की दी सहमति

बालोद। दुधली–मालीघोरी में 8 से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित होने जा रहे प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति तय मानी जा रही है। जंबूरी के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण देने भारत स्काउट एंड गाइड जिला संघ बालोद के मुख्य आयुक्त राकेश यादव रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आगामी आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान राकेश यादव ने मुख्यमंत्री को बताया कि जंबूरी में देशभर से हजारों रोवर–रेंजर युवा बालोद पहुंचने वाले हैं। कार्यक्रम न केवल जिले के लिए गौरव का अवसर है बल्कि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणा का भी मंच बनेगा। सहज और सकारात्मक बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने 12 जनवरी 2026 को जंबूरी के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति प्रदान की।

मुख्यमंत्री द्वारा सहमति मिलने के बाद जिला स्काउट–गाइड संगठन और आयोजन से जुड़े सभी सदस्य उत्साहित हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति कार्यक्रम को नई ऊंचाई देगी और राष्ट्रीय स्तर पर बालोद का गौरव बढ़ाएगी।

आयोजक मंडल का मानना है कि यह जंबूरी आयोजन जिले के लिए ऐतिहासिक होने वाला है, जिसमें प्रतिभागियों के लिए अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व और कौशल विकास पर आधारित अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए जिलेभर में तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!