बालोद/रायपुर – भारतीय जनता पार्टी ने बालोद जिले के सक्रिय, संघर्षशील और संगठन के प्रति समर्पित नेता अभिषेक शुक्ला को बिलासपुर संभाग का संगठन सह-प्रभारी नियुक्त किया है। यह दायित्व न केवल उनकी संगठनात्मक क्षमता का सम्मान है, बल्कि पार्टी नेतृत्व का उन पर बढ़ता विश्वास भी दर्शाता है।
अभिषेक शुक्ला को पहले भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद नगरीय निकाय चुनाव में उनकी नेतृत्व क्षमता और सबको साथ लेकर चलने की उनकी शैली को देखते हुए उन्हें कांकेर नगर पालिका चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया। चुनाव के दौरान अभिषेक शुक्ला ने स्थानीय नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत समन्वय बनाया और स्पष्ट लक्ष्य तय किया—कांकेर नगर पालिका में भाजपा को अध्यक्ष पद दिलाना और अधिकतम पार्षद जिताना। यह रणनीति सफल रही और जहां भाजपा पहले कभी जीत दर्ज नहीं कर पाई थी, वहां ऐतिहासिक विजय हासिल की गई।
जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से जुड़े रहने की उनकी कार्यशैली और संगठन को मजबूत करने के निरंतर प्रयासों ने उन्हें जिले और प्रदेश दोनों स्तरों पर विश्वसनीय नेतृत्व के रूप में स्थापित किया है। अब पार्टी ने उन्हें बिलासपुर संभाग की बड़ी जिम्मेदारी सौंपकर एक बार फिर विश्वास जताया है।
अभिषेक शुक्ला ने जताया आभार
नियुक्ति पर अभिषेक शुक्ला ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व और वरिष्ठजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा— “भाजपा ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को बिलासपुर संभाग का संगठन सह-प्रभारी बनाकर जो विश्वास व्यक्त किया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाना मेरी प्राथमिकता होगी।”
प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ बालोद जिले के कार्यकर्ताओं ने भी विश्वास व्यक्त किया है कि वे इस नई जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से निभाते हुए संगठन की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




















