कांग्रेस संगठन सृजन कार्यक्रम : बालोद में जुटे बड़े नेता, संगठन और विपक्ष की भूमिका पर मंथन
बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत शनिवार को बालोद में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। इस दौरान बतौर ऑब्जर्वर मध्यप्रदेश की पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे, छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह भगत, पूर्व विधायक अरुण वोरा,पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ नेता जिले में पहुंचे। राजीव भवन में आयोजित बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन सुदृढ़ीकरण और आने वाले चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चा की।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने कहा कि संगठन के चुनाव अब नए कलेवर और नए फ्लेवर में होंगे। पहले जहां नीचे से नाम भेजे जाते थे और ऊपर से तय होता था, वहीं अब कांग्रेस हाईकमान ने अपने प्रतिनिधियों को भेजकर कार्यकर्ताओं की राय लेने की प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने कहा कि इस बार ऊपर से रायसुमारी होगी और जो नेता सभी को साथ लेकर चलने में सक्षम होंगे, उन्हें संगठन में जगह मिलने की अधिक संभावना है।
भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए अमरजीत सिंह भगत ने प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा तानाशाही तरीके से काम कर रही है और उद्योगपतियों के हाथ की कठपुतली बन गई है। हाल ही में भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर को हाउस अरेस्ट किए जाने पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। भगत ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने ही वरिष्ठ आदिवासी नेता का अनादर कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार जल-जंगल-जमीन को उद्योगपतियों के हवाले करने में लगी है और इसी कारण सरगुजा से बस्तर तक हालात बिगड़ रहे हैं। भगत ने केंद्र गृह मंत्री अमित शाह के बार-बार छत्तीसगढ़ आने पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि यह जनता में भाजपा की कमजोर स्थिति को दर्शाता है।
हिना कांवरे का बयान
कार्यक्रम में ऑब्जर्वर के रूप में पहुंचीं हिना कांवरे ने कहा कि वे चार दिनों तक जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगी और कार्यकर्ताओं से सीधे चर्चा करेंगी। उन्होंने स्वीकार किया कि वर्तमान में विपक्ष की भूमिका कमजोर है, लेकिन अब इस स्थिति में सुधार लाने पर गंभीर मंथन किया जाएगा। कांवरे ने कहा कि जिलाध्यक्ष के चयन के साथ-साथ संगठन की राजनीतिक सक्रियता और विपक्ष की प्रभावी भूमिका को लेकर चर्चा की जाएगी।
इस मौके पर संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा, गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद,जिलाध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू पुर्व जिला अध्यक्ष चंद्र प्रभा सुधाकर, रामजीभाई पटेल,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















