8वीं विश्व वोविनाम मार्शल आर्ट चैंपियनशिप, बाली (इंडोनेशिया) में चयन
बालोद जिले के युवा खिलाड़ी गोपाल यादव ने बड़ा मुकाम हासिल किया है। उनका चयन 1 से 8 नवंबर 2025 तक इंडोनेशिया के बाली में होने वाली 8वीं विश्व वोविनाम मार्शल आर्ट चैंपियनशिप के लिए हुआ है। गोपाल 68 से 72 किलोग्राम वजन वर्ग के फाइट इवेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गोपाल का चयन हाल ही में हुई 14वीं राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप के ट्रायल प्रदर्शन के आधार पर किया गया। खास बात यह है कि उन्होंने हाल ही में राष्ट्रीय निर्णायक की परीक्षा भी पास कर अपनी प्रतिभा का एक और सबूत दिया है।
खेल की पहचान और महत्व
छत्तीसगढ़ वोविनाम मार्शल आर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश देवांगन ने बताया कि वोविनाम वियतनाम का राष्ट्रीय खेल है, जिसे ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया की मान्यता प्राप्त है। यह खेल एशियन इंडोर गेम्स और बीच गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शामिल रहा है।
जिलेभर में खुशी की लहर
गोपाल के चयन से पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। बालोद के जनसेवक और खेलप्रेमियों ने इसे जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात बताया। भगत सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के संरक्षक अजय यादव ने कहा – “यह राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। अब बालोद जैसे छोटे जिले से भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकेंगे।”
एकेडमी के कोच सौरभ शर्मा ने इसे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बताया। वहीं एबीवीपी की प्रदेश सह मंत्री मनीषा राणा ने कहा – “संघर्ष और अभावों के बावजूद गोपाल ने यह मुकाम हासिल किया है। यह बालोद के लिए स्वर्णिम क्षण है। हमें गांव-कस्बों के खिलाड़ियों को और प्रोत्साहित करना चाहिए।”
प्रदेश अध्यक्ष कमलेश देवांगन, सचिव नोवेल साहू, पुरुष वर्ग के कोच अमन यादव और महिला वर्ग की कोच रागिनी साहू ने भी गोपाल को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
प्रेरणा बने गोपाल
गोपाल यादव की यह उपलब्धि न सिर्फ बालोद बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। सीमित संसाधनों और संघर्षों के बीच भी अगर जुनून और मेहनत हो तो विश्व स्तर पर भारत का परचम लहराया जा सकता है।




















