प्रदेश रूचि

बालोद: गांव के तीन युवकों ने दोस्तों को कपड़े उतरवाकर की पिटाई और अश्लील हरकत, FIR दर्ज

बालोद। जिले के रनचिराई थाना क्षेत्र के ग्राम भटगांव में तीन युवकों द्वारा गांव के ही तीन दोस्तों के साथ मारपीट और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। पीड़ित टीकाराम साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों इन्द्रजीत महिपाल, राजकुमार देशलहरे और केशव जोशी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

घटना का विवरण

शिकायत के अनुसार, 9 सितंबर की रात करीब 11 बजे तीनों आरोपी पीड़ित टीकाराम साहू और उसके दो दोस्तों को बहाने से तालाब पार मैदान ले गए। वहां आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़ितों को पैंट और अंडरवियर उतरवाने के लिए मजबूर किया। डर के कारण युवकों ने कपड़े उतारे, जिसके बाद आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से कमर, जांघ, घुटनों और पीठ पर बेरहमी से मारपीट की।

इतना ही नहीं, इन्द्रजीत और केशव ने पीड़ितों से जबरन अश्लील हरकतें भी करवाईं। विरोध करने पर युवकों को बांध दिया गया और चाकू दिखाकर धमकाया कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी तो जान से मार देंगे।

शिकायत दर्ज करने में देरी

घटना के बाद पीड़ित किसी तरह घर तो पहुंचे लेकिन डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया। 12 सितंबर की रात परिजनों ने पूछताछ की तो मामला सामने आया। इसके बाद पीड़ित टीकाराम अपने परिजनों और दोस्तों के साथ थाना रनचिराई पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई

रनचिराई पुलिस ने आरोपियों इन्द्रजीत महिपाल, राजकुमार देशलहरे और केशव जोशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 115(2), 126(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!