प्रदेश रूचि

छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला: सरकारी कॉलेजों में 700 पदों पर भर्ती

रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में बड़ा कदम उठाते हुए सरकारी महाविद्यालयों के 700 रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति दी है। वित्त विभाग की स्वीकृति मिलने के साथ ही प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुल गए हैं।

625 सहायक प्राध्यापक के पद

भर्ती में सबसे ज्यादा 625 पद सहायक प्राध्यापकों के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इनकी नियुक्ति से कॉलेजों में पढ़ाई और शोध कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा।

25 क्रीड़ा अधिकारी पद

खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 25 क्रीड़ा अधिकारियों की भर्ती की जाएगी। इससे महाविद्यालयों में खेलकूद और शारीरिक शिक्षा को मजबूती मिलेगी।

50 ग्रंथपाल पद

50 ग्रंथपालों की भर्ती से कॉलेज पुस्तकालयों का संचालन और बेहतर होगा, जिससे छात्रों को अध्ययन सामग्री व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध हो सकेगी।

युवाओं और शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा

सरकार का मानना है कि इस निर्णय से युवाओं को रोजगार मिलेगा और महाविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल तैयार होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 700 पदों पर भर्ती ऐतिहासिक कदम है, जो युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने के साथ शिक्षा क्षेत्र में नई ऊर्जा लाएगा।

वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने भी इस पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि यह भर्ती न केवल रोजगार सृजित करेगी बल्कि उच्च शिक्षा प्रणाली को भी मजबूती देगी।

लगातार हो रही हैं भर्तियाँ

बीते 21 महीनों में सरकार ने महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और आदिम जाति विकास विभाग में भी बड़ी संख्या में नियुक्तियाँ की हैं। इसी क्रम में शिक्षकों के 5000 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, तकनीक और प्रशासनिक सेवाओं में बड़े पैमाने पर अवसर उपलब्ध कराए जाएँ, ताकि प्रदेश की युवा शक्ति को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!