प्रदेश रूचि

“341 पदों की SI भर्ती लटकी, अभ्यर्थियों ने गृहमंत्री को बालोद में सौंपा ज्ञापन”

बालोद।छत्तीसगढ़ पुलिस की बहुप्रतीक्षित सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती प्रक्रिया में हो रही असामान्य देरी को लेकर जिले के युवा सामने आए हैं। रविवार को गृह मंत्री एवं बालोद जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा के एकदिवसीय प्रवास के दौरान बालोद नगर में चयनित अभ्यर्थियों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराने की माँग की।

ज्ञापन में युवाओं ने बताया कि अक्टूबर 2024 में राज्य पुलिस विभाग द्वारा 341 पदों के लिए सब-इंस्पेक्टर भर्ती विज्ञापन जारी किया गया था, जिसमें चयन प्रक्रिया पाँच चरणों—शारीरिक मापजोख, प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा, PET और साक्षात्कार—में पूरी की जानी है। लेकिन आठ महीने बीतने के बाद भी पहले चरण की शुरुआत तक नहीं हुई है।

ज्ञापन देने वालों ने बताया कि वर्ष 2018 की SI भर्ती प्रक्रिया में भी भारी विलंब हुआ था, जिसमें अंतिम चयन तक लगभग छह वर्ष लग गए थे। इस बार वे नहीं चाहते कि वही इतिहास दोहराया जाए।

युवाओं ने गृहमंत्री से मांग की कि भर्ती प्रक्रिया को जल्द प्रारंभ कर एक स्पष्ट और समयबद्ध समय-सारणी सार्वजनिक की जाए, जिससे अभ्यर्थियों को अपने करियर की योजना बनाने में सहायता मिले और उनकी मानसिक दुविधा समाप्त हो।

ज्ञापन देने वाले अभ्यर्थियों में शामिल थे:
खुशांजलि साहू, रवि चुरेंद्र, सचिन योगी, अदिति मांडवी, जयप्रकाश नेताम, ऋषभ साकार, आदित्य देशमुख, सागर साहू और ताकेश्वर साहू।

मंत्री विजय शर्मा ने युवाओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए ज्ञापन प्राप्त किया और उचित निर्णय का आश्वासन दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!