वार्ड क्रमांक 13 व 14 की पार्षद सुनीता मनहर एवं आशा पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूर्व जिला मंत्री रिंकू शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता घासु गंधर्व, समाजसेवी अभिन्न यादव, युवा नेता रजत जैन, निखिल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में आम नागरिकों ने अपने हाथों से पौधारोपण करते हुए पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया। कई लोगों ने अपने माता के नाम पर पौधे लगाकर भावनात्मक जुड़ाव भी साझा किया। वृक्षारोपण के साथ-साथ लोगों ने पेड़ की सुरक्षा और देखभाल का भी जिम्मा लिया।

वार्ड पार्षद सुनीता मनहर ने बताया कि यह महज़ एक पर्यावरणीय कार्यक्रम नहीं बल्कि एक भावनात्मक पहल है, जो हर नागरिक को अपनी माँ के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराती है। पार्षद आशा पटेल ने कहा कि वृक्षों को सिर्फ लगाना नहीं, बल्कि उन्हें पालना भी हमारा कर्तव्य है।
पूर्व मंत्री रिंकू शर्मा ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल लोगों को न सिर्फ हरियाली से जोड़ रही है बल्कि रिश्तों को भी एक नई ऊंचाई दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है और इस दिशा में ऐसे भावनात्मक अभियानों से आमजन का जुड़ाव बढ़ता है।

कार्यक्रम के दौरान सभी वार्डवासी एकत्र हुए और उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर बच्चों और युवाओं में भी पर्यावरण को लेकर उत्साह देखा गया।
“एक पेड़ माँ के नाम” महज़ एक अभियान नहीं, एक विचार है — जो माँ की ममता और प्रकृति की परवाह को एकसाथ जोड़ता है। आमापारा का यह आयोजन इस बात का प्रतीक बनकर उभरा कि जब समाज साथ चलता है, तो बदलाव की दिशा भी मजबूत होती है।




















