प्रदेश रूचि

“जिले के इस स्कूल में बच्चों को मिला प्यार, सम्मान और हरियाली का वादा – अब जिला स्तर पर बजेगा शाला उत्सव का बिगुल!”

बालोद,। जिलेभर में आज मंगलवार को जब घीना स्कूल में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव की रंगीन तैयारियां होंगी, उससे पहले एक भावुक और प्रेरणादायक नज़ारा कुआंगोंदी के स्कूलों में देखने को मिला।
शासकीय प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुआंगोंदी ने मिलकर शाला प्रवेश उत्सव 2025-26 को खास बना दिया।

कक्षा पहली, छठवीं और नवमी में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक कर, मिठाई खिलाकर और गणवेश देकर जोरदार स्वागत किया गया। खास बात यह रही कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका शिल्पी राय ने बच्चों को पौधे भेंट कर उन्हें “वृक्ष मित्र” की उपाधि दी। बच्चों ने यह पौधे स्कूल परिसर में लगाए और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी ली।

 

शिक्षिका राय ने इस मौके पर “शत वृक्षम अभियान” की शुरुआत की और लोगों से अपील की कि हर कार्यक्रम की शुरुआत एक पेड़ लगाकर की जाए। उनका यह संदेश कार्यक्रम में मौजूद सभी शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों को छू गया। पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश बच्चों के मन में भी गहराई से उतरता दिखा।

कार्यक्रम में जल संरक्षण और नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। संकुल प्राचार्य , एस. खोबरागड़े की अध्यक्षता में आयोजित इस आयोजन में श्री नागवंशी, लालू राम साहू, छगन लाल यदु, देलू राम पटेल,  ईश्वरी साहू, फरीदा बेगम सहित कई गणमान्य नागरिकों ने बच्चों को आशीर्वाद दिया।

अब आज की बड़ी बात – आज मंगलवार 24 जून को डौंडीलोहारा विकासखण्ड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, घीना में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव आयोजित होगा। इसमें कांकेर सांसद  भोजराज नाग मुख्य अतिथि होंगे और अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष  तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर करेंगी। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा सहित कई अन्य अतिथि भी मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!