Skip to main content

प्रदेश रूचि

1977 की गोलीकांड की गूंज आज भी जिन्दा…शहीदों की याद में दल्ली राजहरा गूंजा – शहीदों की याद में निकली रैली

जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ ने 03 जून को मनाया शहीद दिवस

बालोद/दल्ली राजहरा, — जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ ने 03 जून 2025 को शहीद दिवस का आयोजन कर 1977 के पुलिस गोलीकांड में शहीद हुए मजदूरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह दिवस 02-03 जून 1977 को दल्ली राजहरा के लाल मैदान में मजदूरों पर हुई पुलिस फायरिंग की स्मृति में मनाया गया, जिसमें 14 वर्षीय बालक सुदामा, महिला मजदूर अनुसूइया बाई सहित कुल 11 मजदूर साथी शहीद हुए थे।

इस अवसर पर शाम 5 बजे जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ के सैकड़ों कार्यकर्ता कृषि कार्यालय में एकत्र हुए और रैली के माध्यम से शहीद स्मारक, शहीद चौक, दल्ली राजहरा कैंप नं. 1 पहुंचे। वहां श्रीमती आशा गुहा नियोगी, डॉ. पवित्र कुमार गुहा, श्रीमती गुहा मैडम (जन स्वास्थ्य केंद्र, गुहा अस्पताल), डॉ. राजीवलोचन (संजीवनी अस्पताल), डॉ. योगी लालवानी, डॉ. उमेश दास (शहीद अस्पताल), ऋषि कुमार ठाकुर एवं शेखर ठाकुर (सर्व आदिवासी समाज) सहित बड़ी संख्या में जन मुक्ति मोर्चा के साथियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्य वक्ताओं में कॉ. बसंत रावटे (सचिव, जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़), डॉ. राजीवलोचन, कॉ. वीरेंद्र कुर्रे और कॉ. जीत गुहा नियोगी ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कॉ. शंकर गुहा नियोगी के संघर्षों और मजदूर आंदोलन के इतिहास को याद किया। साथ ही नवा बिहान के साथियों द्वारा जनगीत प्रस्तुत किए गए।

रात्रि 10 बजे छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा कार्यालय के पास एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉ. झनक लाल ठाकुर (पूर्व विधायक डौंडी लोहारा एवं अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा) के मुख्य आतिथ्य में हुई। अध्यक्षता कॉ. बसंत रावटे ने की, जबकि विशेष अतिथियों में डॉ. पवित्र कुमार गुहा, सुरेंद्र साहू, राजा, भुवन सिन्हा (छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा), वीरेंद्र कुर्रे (भीम आर्मी), और नरेंद्र ग्वाल मंच पर उपस्थित रहे।

मंच पर शहीद कॉ. शंकर गुहा नियोगी, शहीद भगत सिंह एवं शहीद वीर नारायण सिंह के छायाचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात नवा बिहान के साथियों द्वारा “कॉ. शंकर गुहा नियोगी की खोज – शहीद वीर नारायण सिंह के संघर्षों पर आधारित नाटक” का मंचन किया गया।

इस कार्यक्रम में जन मुक्ति मोर्चा के साथी मूलचंद चंदेल, यादराम कोर्राम, पवन विश्वकर्मा, पुसाउ राम साहू, रुपा साहू, अनिल दास, संजय निषाद, हितेश साहू, शिवा सिंह, विजय सिंह, संजय सिंह, मणिलाल, शरद, किसन रावटे, अजय निर्मलकर, भोला शंकर सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!