बालोद। बालोद जिले में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभालने के बाद एसपी योगेश पटेल से सोमवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान संगठन ने जिले में चल रही धर्मविरोधी गतिविधियों, अवैध प्रार्थना सभाओं, लव जिहाद और गौ तस्करी जैसे गंभीर मामलों पर विस्तार से चर्चा की।
विहिप प्रतिनिधियों ने एसपी को पूर्व में सामने आए मामलों से अवगत कराया और बताया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में सुनियोजित तरीके से धर्मांतरण की घटनाएं सामने आ रही हैं। वहीं गौ तस्कर भी कुछ मार्गों से अवैध गतिविधियां अंजाम दे रहे हैं।
एसपी योगेश पटेल ने संगठन के नेताओं को आश्वस्त किया कि ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जिले में कानून व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अहम बैठक में गुरुर, बालोद शहर और डौंडीलोहारा क्षेत्र से संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें जिला मंत्री राजेश सोनी, जिला मातृशक्ति सह संयोजिका स्वेता राजपूत, मिश्रीलाल साहू, मनीष साहू सहित कई अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल थे।
अब देखने वाली बात होगी कि क्या बालोद जिले में धार्मिक असंतुलन फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन दिखाएगा दम?




















