प्रदेश रूचि

धान खरीदी की तारीख को लेकर अब नही हुआ आदेश…जबकि जिले में अब भी 27 हजार से अधिक किसानों के धान बेचना बाकी..क्या प्रतिदिन 4 हजार से अधिक किसान बेच पाएंगे अपना धान…

बालोद- बालोद जिले के 27 हजार से अधिक किसानों ने अब तक 16 लाख 32 हजार 900 क्विंटल धान नहीं बेच पाए हैं। धान बेचने किसानों के पास अब सिर्फ 6 दिन बाकी रह गए हैं। एक दिसंबर 2021 से शुरू हुई धान खरीदी में अब तक 01 लाख 11 हजार 583 पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी कर ली गई है, जबकि 27 हजार 171 पंजीकृत किसानों द्वारा धान बेचना बाकी है।

जिले में 31 जनवरी तक लक्ष्य अनुसार सभी 01 लाख 38 हजार 754 पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर समितियों में किए जाने की कार्ययोजना प्रशासन ने बना ली है। जिसके तहत बचे किसानों से खरीदी का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। अब तक 42 लाख 32 हजार 671.60 किवंटल से अधिक का धान खरीदा जा चुका है। इस वर्ष जिले में पंजीकृत किसानों से लगभग 59 लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिसके अनुरूप गुरुवार की शाम 6 बजे तक की स्थिति में 42 लाख 32 हजार 671 क्विंटल धान खरीदी हो चुकी थी। जिसमें 22 लाख 44 हजार 176 क्विंटल धान का उठाव हो चुका है। इस लिहाज से 19 लाख 88 हजार 570 क्विंटल केंद्रों में जाम है और 16 लाख 32 हजार क्विंटल से ज्यादा धान खरीदने के बाद लक्ष्य पूरा होगा। हर केंद्र प्रमुखों को रकबा अनुसार कितना क्विंटल धान खरीदना है, इसकी जानकारी दी जा चुकी है।

27 हजार 171 किसान 31 जनवरी तक बेच सकते धान

138 केंद्रों में 31 जनवरी तक जिले के किसान धान बेच सकेंगे। निर्धारित समय में ही धान नहीं बेचने वाले सभी किसानों को सेवा सहकारी समिति से टोकन जारी की जाएगी। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि हर साल एक हजार से ज्यादा किसान धान बेचने नहीं पहुंचते। वजह यह है कि उपज कम होने की वजह से दूसरे के पर्चा में धान बेच देते हैं। 20 जनवरी तक एक लाख 11 हजार 583 किसान 42 लाख 32 हजार 671 क्विंटल धान बेच चुके थे।

जिले में 6 दिन होगी धान खरीदी

भले ही 31 जनवरी तक खरीदी होगी लेकिन इस दौरान शनिवार, रविवार और 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के दिन खरीदी बंद रहेगी। इस लिहाज से किसानों के पास धान बेचने के लिए सिर्फ 6 दिन का समय और है। गौरतलब है कि दिसंबर के अंतिम सप्ताह और जनवरी के दूसरे सप्ताह में बारिश और शासकीय छुट्‌टी की वजह से 10-11 दिन तक धान खरीदी नहीं हो पाई।इसको लेकर जिला किसान मोर्चा ने धान खरीदी के तिथि को आगे बढ़ाने की मांग शासन प्रशासन से किया है।

1 लाख 11 हजार 583 किसान बेच चुके हैं धान

जिले के 138 खरीदी केंद्रों में 1 लाख 11 हजार 583 किसानों ने 42 लाख 32 हजार 671 किवंटल धान बेचा है।नोडल अफसर एसके वैदे ने बताया कि इस सीजन जिले के सभी ब्लॉक में एक लाख 38 हजार 754 किसान पंजीकृत है। जो जिले के 138 केंद्रों में धान बेच सकते हैं। एक लाख 11 हजार 583 से ज्यादा किसान धान बेच चुके हैं। इस हिसाब से अब कम ही किसान बाकी है। जिनके लिए 6 दिन का समय पर्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!