दोपहर 2 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई, सुबह 8:30 बजे रायपुर पहुंचेगा पार्थिव शरीर, विभिन्न स्थानों पर अंतिम दर्शन के बाद पहुंचेगा पैतृक गांव
बालोद/रायपुर। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर शनिवार 31 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ लाया जाएगा। हैदराबाद में उपचार के दौरान 78 वर्ष की उम्र में उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनका अंतिम संस्कार बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड स्थित पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में दोपहर 2 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह 8:30 बजे विमान से राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेगा। यहां सुबह 9:30 बजे तक अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि के लिए समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद पार्थिव शरीर सुबह 10:15 बजे भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचेगा, जहां सुबह 11 बजे तक परिजन, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे भिलाई-3 से पार्थिव शरीर दुर्ग के जवाहर नगर के लिए रवाना होगा। सुबह 11:30 बजे जवाहर नगर पहुंचने के बाद दोपहर 12:30 बजे तक अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके पश्चात पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा के लिए रवाना होगा और दोपहर 1 बजे गांव पहुंचेगा। यहां अंतिम दर्शन के लिए दोपहर 2 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
अंतिम विदाई में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से प्रस्थान करेंगे। दोपहर 1:05 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुंचने के बाद 1:10 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। दोपहर 1:30 बजे गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम मचौद (भाठा) स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग द्वारा दोपहर 1:40 बजे ग्राम भेण्ड्रा पहुंचकर दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री के लिए ग्राम भेण्ड्रा में दोपहर 3:30 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद वे रायपुर के लिए रवाना होंगे।
लंबे समय से फेफड़ों की समस्या से जूझ रहे थे विधायक
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा लंबे समय से फेफड़ों की समस्या से जूझ रहे थे और हैदराबाद में उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र सहित बालोद जिले में शोक की लहर है। विशेषकर उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा में शोक का माहौल है।
2008 में पहली बार बने थे अहिवारा के विधायक
राजनीति में आने से पहले डोमनलाल कोर्सेवाड़ा शिक्षा, सरकारी सेवा और कृषि क्षेत्र से जुड़े रहे। उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर से राजनीति विज्ञान में एमए और बीएड की शिक्षा प्राप्त की थी। वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया और वे चुनाव जीतकर छत्तीसगढ़ की छठवीं विधानसभा पहुंचे।
उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक और क्षेत्रीय जीवन में एक शोकपूर्ण रिक्तता उत्पन्न हुई है। शनिवार को पैतृक गांव भेण्ड्रा में होने वाले अंतिम संस्कार में जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के लोगों के शामिल होने की संभावना है।













